संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। नगर में लगातार तीसरे दिन हुई बरसात ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। गलियों, सड़कों, अनाज मंडी और सरकारी दफ्तरों में पानी भर गया। कपिल मुनि रोड पर भारी जलभराव के कारण दुकानदार अपनी दुकानें तक नहीं खोल पाए। मुख्य गली, रेलवे रोड और सजूमा रोड भी पानी से लबालब रहीं। सरकारी स्कूलों, महिला कॉलेज, कृषि विभाग, बागवानी विभाग और पटवारखाने में भी पानी भर गया।
नगरपालिका पानी निकासी के प्रयास कर रही है, लेकिन लगातार बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। जिन इलाकों से पानी निकाला गया है, वहां कीचड़ और गंदगी की समस्या बनी हुई है। लोगों का कहना है कि नपा प्रशासन को पहले से ही निकासी और सफाई के पुख्ता इंतजाम करने चाहिए थे।
बारिश ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। खेतों में पानी भर जाने से धान की फसल डूबने लगी है। किसान बिरम पाल राणा, सुरेंद्र सिंह, राम सिंह, सुनील कुमार, भीम सिंह, धर्मबीर सिंह और पवन कुमार ने बताया कि खेड़ी लांबा से कलायत नहर तक धान के खेत जलमग्न हो चुके हैं और पीछे से लगातार पानी आने के कारण जलस्तर बढ़ रहा है। गांव खरक पांडवा और रामगढ़ में भी फसलें डूब गई हैं। खरक पांडवा सरपंच प्रतिनिधि सुरेश सहारण ने बताया कि हाईवे और एक्सप्रेसवे बनने से गांव की निकासी रुक गई है। गांव की वाल्मीकि बस्ती जलमग्न है और अंडरपास में पानी भरने से लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है।
नगरपालिका सचिव पवन शर्मा ने कहा कि बारिश के पानी की निकासी के लिए पर्याप्त इंतजाम हैं। सोमवार को कपिल मुनि ड्रेन पर लगाए गए 10 टर्मिनल बिजली न होने से देर से चले, जिससे दिक्कत हुई। अब स्थिति नियंत्रण में है और जमा पानी दो घंटे में निकल जाता है। ढोबी तालाब का जलस्तर बढ़ रहा है।
48: कलायत के पटवार भवन में घुस रहा बरसात का पानी
48: कलायत के पटवार भवन में घुस रहा बरसात का पानी
48: कलायत के पटवार भवन में घुस रहा बरसात का पानी
48: कलायत के पटवार भवन में घुस रहा बरसात का पानी
48: कलायत के पटवार भवन में घुस रहा बरसात का पानी