सीवन। अनाज मंडी में पिछले छह दिनों से धान का खरीद और उठान का काम सुचारू रूप से चल रहा था लेकिन रविवार सुबह हुई बरसात से मंडी में रखे धान की सुरक्षा के लिए चिंता बढ़ गई। बारिश शुरू होते ही किसानों, आढ़तियों और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों ने धान को भीगने से बचाने के लिए प्रयास शुरू कर दिए। बोरियां खुले में रखी होने के कारण उन्हें सुरक्षित रखना चुनौती बना रहा जबकि धान पर तिरपालें डालकर बचाव किया गया।
मार्केट कमेटी के सचिव मनजीत ने बताया कि मंडी में एजेंसियों का धान उठान के इंतजार में पड़ा है। इसके अलावा किसानों का लगभग 12 हजार क्विंटल धान खरीद की प्रतीक्षा में है। रविवार को खरीद नहीं होनी थी बल्कि उठान का कार्य निर्धारित था। बरसात के कारण उठान में बाधा आई। मौसम की संभावना को देखते हुए धान को ढकने की व्यवस्था की गई थी।
बरसात के कारण सीवन की कुछ गलियों और निचले इलाकों में पानी जमा हो गया जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
मंडी में भीगा हुआ धान। संवाद