रेलवे ट्रैक की रिपेयर के लिए पहुंची मशीन
- फोटो : Kaithal
कैथल। कुरुक्षेत्र-नरवाना रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों की गति बढ़ाने के लिए 20 किलोमीटर का ट्रैक बदलने के लिए रेलवे ने मशक्कत शुरू कर दी है। इस प्रक्रिया के तहत कैथल रेलवे स्टेशन पर मरम्मत के लिए मशीन पहुंच चुकी है। यह ट्रैक की स्पीड की जांच करने के साथ स्पीड बढ़ाने के लिए किए जा रहे काम में सहायक होगी।
तीन वर्ष पहले नरवाना-कुरुक्षेत्र रेलवे मार्ग पर केवल 65 से 75 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से रेल चलती थी। इसके बाद इस मार्ग का विद्युतीकरण किया गया तो ट्रेनों की गति बढ़कर 90 किलोमीटर प्रति घंटा हो गई है। अब रेलवे इसे बढ़ाना चाहता है। ट्रैक बदलने के बाद गति 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकेगी।
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले ही कैथल रेलवे स्टेशन से लेकर सजूमा स्टेशन तक मरम्मत का कार्य किया था। इससे पहले पिछले साल ढांड से कुरुक्षेत्र के बीच ट्रैक बदला था। अब कैथल से ढांड के बीच रेलवे ट्रैक बदला जाएगा। मरम्मत की गाड़ी के साथ छह इंजीनियर भी कैथल में पहुंचे हैं।
उत्तर रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर जेके अरोड़ा ने बताया कि कुरुक्षेत्र-नरवाना रेलवे ट्रैक पर गति बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। ट्रैक पर मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया गया। ट्रेनों की गति बढ़ाने के लिए करीब आठ महीने तक लगातार कार्य किया जाएगा।
कई ट्रेनें चल रहीं बंद
कुरुक्षेत्र-नरवाना रेलवे ट्रैक पर कोरोना महामारी के बाद से ही पैसेंजर ट्रेनें बंद है। अभी केवल यहां पर एक पैसेंजर और एक एक्सप्रेस ट्रेन संचालित की जा रही है। इसमें जींद-कुरुक्षेत्र और दौलतपुर चौक-साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन चल रही है। यह ट्रेन आना-जाना करती है।