पुलिस ने शाम के समय दो हजार रुपये के नकली नोट मार्केट में चलाने की फिराक में घूम रहे तीन व्यक्तियों को काबू किया है। उनके कब्जे से दस हजार रुपये की जाली करेंसी बरामद करते हुए केस दर्ज कर लिया है। तीनों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में एक ओर सप्लायर की पहचान हो गई है। पुलिस द्वारा पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।
एसपी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि सीआईए-टू प्रभारी इंस्पेक्टर सोमबीर सिंह की अगुवाई में सहायक उपनिरीक्षक जसवंत सिंह, ईएसआई जयकरण, ईएसआई राजेंद्र, हेडकांस्टेबल पवन कुमार तथा सिपाही जयबीर सिंह की टीम सायंकालीन गश्त के दौरान खुराना बाईपास चौक कैथल पर मौजूद थी। जहां जानकारी मिलने उपरांत पुलिस द्वारा इंप्लाइज कोलीनी कैथल के गेट सामने दबिश देकर विश्वकर्मा चौकी की तरफ से पैदल आ रहे तीन संदिग्ध युवकों को काबू कर लिया। जिनकी पहचान विजय सिंह उर्फ टंडन निवासी मॉडल टाऊन जींद रोड कैथल, सुनील कुमार निवासी चिरंजीव कालोनी कैथल और पवन कुमार निवासी मोतीबाग कैथल के रूप में हुई। पुलिस द्वारा जब नियमानुसार कार्रवाई तहत तीनों की तलाशी ली गई तो आरोपी विजय के कब्जे से दो-दो हजार रुपये के दो जाली नोट, आरोपी सुनील के कब्जे से दो-दो हजार रुपये के दो जाली नोट और आरोपी पवन के कब्जे से दो हजार रुपये का एक जाली नोट सहित तीनों आरोपियों से 10 हजार रुपये की जाली करेंसी बरामद हुई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कुबूला कि वे अंधेरे का फायदा उठाकर दुकानदारों और किसी शराब ठेका पर जाली करेंसी नोटों की मार्फत खरीददारी करने की नीयत से घूम रहे थे। आरोपियों को पकड़कर गहनता से पूछताछ के बाद जाली नोट रैकेट से जुड़े एक मिडिएटर की पहचान कर ली गई। तीनों आरोपी अदालत में पेश किए जाएंगेे, जहां से आरोपी विजय तथा सुनील का व्यापक पूछताछ व रैकेट के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा।