कैथल। आर्यन इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव में प्रदेशभर से पहुंचे विद्यार्थियों के भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई के लिए सवाल खड़े हो गए हैं। विद्यार्थियों के लिए तैयार किए जा रहे खाने की व्यवस्था जांचने पहुंची खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को मौके पर सफाई व्यवस्था में खामियां मिलीं। इस पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अभिषेक शर्मा ने कैटरिंग संचालक को फटकार लगाते हुए व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने खाने में इस्तेमाल हो रही सामग्री और तैयार भोजन के चार सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
विद्यार्थियों के भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कमेटी गठित की गई है और इसके लिए करीब 12 लाख रुपये का बजट रखा गया है। डॉ. अभिषेक शर्मा भोजन प्रबंधन की निगरानी के लिए गठित कमेटी के सदस्य भी हैं। वे विद्यार्थियों को परोसे जा रहे खाने की गुणवत्ता और व्यवस्था जांचने पहुंचे थे। मौके पर साफ-सफाई की व्यवस्था ठीक नहीं मिली। इसके अलावा भोजन की उपलब्धता और उसे तैयार कर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने के तरीके पर भी सवाल उठे। पहले दिन खाना खत्म हो गया था और विद्यार्थियों को एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा था। पहले दिन भोजन बाहर तैयार कर लाया जा रहा था और उसकी गुणवत्ता बनाए रखने के लिए भी जांच जरूरी हो गई।
बेसन, गेहूं का आटा, आलू-छोले की सब्जी और हलवे के सैंपल लिए
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने मौके से बेसन, गेहूं का आटा, आलू-छोले की सब्जी और सूजी के हलवे के सैंपल एकत्रित किए हैं। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि विद्यार्थियों को परोसे जा रहे भोजन में इस्तेमाल की गई सामग्री निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप है या नहीं। वहीं मौके पर सफाई व्यवस्था के लिए कैटरिंग संचालक को निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने खाने की शिकायत मिलने से किया इन्कार
राज्य स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव के नोडल अधिकारी छतरपाल ने बताया कि उन्हें सैंपल लिए जाने की जानकारी नहीं थी। वे मंचों पर चल रहे कार्यक्रमों के आयोजन में व्यस्त थे। उनके पास किसी विद्यार्थी, अभिभावक या शिक्षक की ओर से खाने के लिए कोई शिकायत नहीं आई है।
खाने के लिए कोई शिकायत नहीं मिली थी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने रूटीन प्रक्रिया के तहत सैंपल लिए हैं। यह अच्छी बात है। रिपोर्ट आने के बाद ही गुणवत्ता का पता चलेगा। उन्होंने खुद भी खाना खाया है और उन्हें भोजन सही लगा। भोजन पर होने वाले खर्च का भुगतान निर्धारित बजट के अनुसार ही किया जाएगा।
- प्रमोद कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी, कैथल।
आयोजन को लेकर शिक्षा विभाग के अधिकारी से जानकारी लेते खाद्य सुरक्षा अधिकारी। कर्मचारी