गुहला-चीका। एक दिन पहले हलका विधायक ईश्वर सिंह ने गुहला खरकां रोड़ के निर्माण कार्य का शुभारंभ करते हुए ठेकेदार को गुणवत्ता पूर्वक सडक़ का निर्माण करने के निर्देश दिए थे, लेकिन संबंधित ठेकेदार ने विधायक के निर्देशों को दरकिनार करते हुए रात के अंधेरे में एक बार फिर से मिट्टी के ऊपर ही बजरी व तारकोल की परत बिछा सडक़ का निर्माण कर दिया। सडक़ सुरक्षा मंच की निगरानी कमेटी के सदस्यों को जब इस प्रकार से बनाई गई सडक़ की भनक लगी तो वे मौके पर पहुंच गए और सडक़ के उस हिस्से को उखाडक़र देखा तो उसके नीचे मिट्टी ही मिट्टी नजर आ रही थी। मंच के सदस्यों ने इसकी सूचना तुरंत पीडब्ल्यूडी विभाग के उच्च अधिकारियों व विधायक ईश्वर सिंह को दी और ठेकेदार को सडक़ को उखाड़ कर दोबारा से बनाने को कहा, जिसके बाद सडक़ के उस हिस्से को जेसीबी की मदद से उखाड़ कर सफाई करके बनाया गया।
मंच के वरिष्ठ सदस्य राजपाल राणा व नरेश ढांडा ने बताया कि गुहला खरकां रोड़ पर गांव मटकालियां के पास सडक़ का लगभग सौ मीटर का हिस्सा बिना सफाई किए बनाया था। उन्होंने बताया कि शनिवार की सुबह जब इस हिस्से की जांच की तो वहां पर मिट्टी पाई गई जिसके चलते इस सडक़ को उखाड़ कर दोबारा से बनवाने को कहा है।
पीडब्ल्यूडी विभाग के एसडीओ गुर्रपीत कपूर ने कहा कि यदि ठेकेदार सडक़ निर्माण में कोताही बरतता है तो जनता को सडक़ के उस हिस्से को दोबारा से बनवाने का पूरा अधिकार है। धन्ना भगत जयंती समारोह में ड्यूटी के चलते आज खरकां रोड़ की घटना की उन्हें जानकारी नहीं है। सुबह इस मामले की जानकारी ले ठेकेदार से बात की जाएगी।