बैठक करते हुए पंजाबी वेलफेयर सभा के सदस्य।
- फोटो : rajori news
कैथल। पंजाबी वेलफेयर सभा की ओर से होली पर्व के उपलक्ष्य में एक भव्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पंजाबी वेलफेयर सभा के प्रधान सुषम कपूर की अध्यक्षता में सब कमेटी की बैठक रखी गई। इस बैठक में सभा की ओर से क्षेत्रवासियों को होली की बधाइयां देते हुए इस आयोजन में सभा के सभी सदस्यों को परिवार सहित शामिल होने का सादर आमंत्रण दिया गया है। कार्यक्रम की थीम होली के रंग कान्हा के संग रखी गई है, जिसके माध्यम से होली के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व को दर्शाया जाएगा। यह आयोजन रविवार को आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में डॉ.अतुल चानना एवं डॉ. शालू चानना शिरकत करेंगे।
सभा के प्रधान सुषम कपूर ने बताया कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे, सौहार्द और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यह पर्व हमें भेदभाव मिटाकर एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे सामूहिक कार्यक्रम समाज में एकता और सद्भाव को सुदृढ़ करते हैं तथा नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने का कार्य करते हैं। इस अवसर पर सुषम कपूर, इन्द्रजीत सरदाना, संजय सेतिया, ज्ञान प्रकाश कुमार,राजकुमार मुखीजा, नरेन्द्र निझावन, वी.के.चावला,सतीश राजपाल, राजकुमार दुआ,धन सचदेवा मौजूद थे।