संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। गुहला में टटियाना गांव में हरियाणा-पंजाब सीमा को पिछले 11 दिन से सील किया गया है। इससे लोग परेशान हो रहे हैं। हालांकि अब पंजाब रोडवेज ने बसों का आवागमन शुरू किया है। इससे यात्रियों को राहत मिली है।
एक तरफ जहां रास्ता बंद किया गया है। वहीं, टटियाना बॉर्डर पर सतर्क बुजुर्गों व बीमार मरीजों को बॉर्डर पार करने में परेशानी हो रही है। पुलिस व अर्धसैनिक बलों के जवान टटियाना बॉर्डर पर पूरी तरह सतर्क हैं। साथ ही राहगीरों की मदद कर रहे हैं। बॉर्डर पर जवानों व हरियाणा पुलिस ने अपने अस्थायी टेंट लगाकर भोजन करने की व्यवस्था भी वहीं कर ली है। जानकारी अनुसार टटियाना बॉर्डर पर आने-जाने वाले लोगों को तो काफी परेशानी हो रही है। अधिक परेशानी बीमार मरीज व बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है। हरियाणा से पंजाब की तरफ जाने वाले राहगीर पुरुषोतम, अशोक, विलायती राम, कुकू, रणजीत, अनूप, शकुंतला, सरोज रानी व कमलेश रानी ने बताया कि आने-जाने में जहां परेशानी तो हो ही रही है वहीं आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ रहा है।
लोगों ने कहा कि आम आदमी तो अपने जरूरी काम के लिए दो किलोमीटर पैदल भी चल सकता है और बॉर्डर के दोनों तरफ छोटे वाहनों का सहारा भी ले सकता है, लेकिन बुजुर्गों व बीमार मरीज को जो बॉर्डर बंद की दूरी तय करनी पड़ती है उन्हें भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। गुहला उपमंडल के अधिकतर गांवों के लोग इलाज के लिए पटियाला जाते हैं। लोगों ने सरकार से मांग की है कि उक्त मामले को किसानों के साथ मिल बैठकर सुलझा लेना चाहिए, ताकि आम जनता को भी परेशानी ना उठानी पड़े।
उधर, पंजाब सीमा पर लगे नाके पर तैनात एसपी रविंद्र तोमर ने कहा कि सेना व पुलिस के जवान अपनी ड्यूटी पर पूरी तरह से मुस्तैद हैं। पैदल निकलने वाले राहगीरों को जवानों की ओर से हर तरह की मदद मुहैया करवाई जा रही है। कोई भी राहगीर जिसके पास कोई बुजुर्ग या सामान ज्यादा है तो उसका सामान व बुजुर्ग को ड्यूटी पर तैनात जवानों की ओर पहुंचाया जाता है।
उन्होंने बताया कि टटियाना बॉर्डर पर पंजाब की तरफ से कोई भी किसान नहीं आया है और इस बॉर्डर पर शांति है। अधिक शंभु बॉर्डर व खनौरी बॉर्डर पर है, लेकिन फिर भी टटियाना बॉर्डर पर भी सुरक्षा के इंतजाम कड़े हैं। तोमर ने आमजन से भी सहयोग की अपील की है। पंजाब सरकार ने रोडवेज बसों की आवाजाही बॉर्डर तक की शुरू हरियाणा पुलिस व अर्धसैनिक बलों द्वारा पंजाब सीमा पर की गई नाकेबंदी के पहले दिन से पंजाब सरकार ने रोडवेज की बसों की आवाजाही बंद कर दी थी, लेकिन शुक्रवार को पंजाब सरकार ने रोडवेज बसों की आवाजाही शुरू कर दी है।