कैथल। लंबे समय से खस्ताहाल करनाल-कैथल मार्ग पर स्थित पूंडरी से कैथल तक के 13 किलोमीटर लंबे फोरलेन हाईवे के नवीनीकरण का कार्य शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग इस सड़क के सुधारीकरण पर करीब 17 करोड़ रुपये खर्च करेगा।
परियोजना के तहत फोरलेन सड़क पर डामर और अन्य निर्माण सामग्री की नई मजबूत लेयर बिछाई जाएगी। इसके लिए सड़क को उखाड़ने का कार्य शुरू कर दिया गया है। वर्तमान में हाईवे की स्थिति काफी खराब हो चुकी है। जगह-जगह गहरे गड्ढे और उखड़ी सड़क के कारण हादसों का खतरा बना रहता है। खासकर रात के समय वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
विज्ञापन
नई लेयर बिछने के बाद सड़क समतल होगी और यातायात अधिक सुरक्षित व सुगम हो सकेगा। करनाल-कैथल रोड को जिले की लाइफलाइन माना जाता है, क्योंकि यह मार्ग कैथल को सीधे जीटी रोड और करनाल से जोड़ता है। लंबे समय से स्थानीय निवासी और व्यापारी इस मार्ग के नवीनीकरण की मांग कर रहे थे। भारी वाहनों के लगातार दबाव और समय पर मरम्मत नहीं होने के कारण फोरलेन की हालत खस्ताहाल हो चुकी थी। सड़क टूटने से वाहनों के गुजरने पर धूल उड़ती है, जिससे आसपास के दुकानदारों और राहगीरों को सांस लेने में भी दिक्कत होती है। नवीनीकरण के बाद धूल की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है और ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू हो सकेगी।
टेंडर प्रक्रिया और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जा चुकी हैं। सड़क उखाड़ने का कार्य शुरू हो गया है। इसके बाद नई सामग्री और लेयर डालने का काम किया जाएगा। -सुरेंद्र कुमार, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग