दालों की बढ़ी हुई कीमतों में बिचौलियों की भूमिका को खत्म करते हुए लोगों को होलसेल रेट पर दाल उपलब्ध करवाने के लिए शहर में काउंटर खोले जाएंगे जिसमें दाल विक्रेताओं और सरकार के साथ हुए समझौते के तहत नियंत्रित कीमतों पर दालें मिलेंगी। इसके लिए लघु सचिवालय के सामने कैथल सहकारी चीनी मिल के बिक्री केंद्र के साथ पांच नवंबर से खाद्य एवं पूर्ति विभाग द्वारा बिक्री केंद्र स्थापित किया जाएगा।
डीसी केएम पांडुरंग ने इन निर्धारित दामों पर दालें उपलब्ध करवाने के लिए स्थापित किए जाने वाले बिक्री काउंटर के संबंध में संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि दालों के बढ़े हुए दामों के मद्देनजर सरकार द्वारा आम जनता को निर्धारित दाम पर दालें उपलब्ध करवाने का फैसला लिया गया है।
सरकार द्वारा दाल मिलों तथा दाल विक्रेताओं द्वारा गोदामों में रखी जाने वाली दालों की मात्रा भी निर्धारित की गई है। जिला प्रशासन द्वारा विशेष बिक्री काउंटर स्थापित करके निर्धारित दामों पर आम लोगों को दालें उपलब्ध करवाई जाएंगी।
जमाखोरी रोकने के लिए टीमों का गठन
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक मोनिका मलिक ने बताया कि इन निर्धारित दामों पर दालें उपलब्ध करवाने के लिए वीरवार से लघु सचिवालय के सामने कैथल सहकारी चीनी मिल के बिक्री केंद्र के साथ पांच नवंबर से खाद्य एवं पूर्ति विभाग द्वारा बिक्री केंद्र स्थापित किया जाएगा। प्रशासन ने दालों की जमाखोरी को रोकने के लिए टीमें गठित की गई हैं, जो समय-समय पर दाल के गोदामों का निरीक्षण कर रही हैं। बैठक में जिले के सभी दाल होलसेलर तथा खाद्य एवं पूर्ति विभाग के अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
इन कीमतों पर मिलेंगी दालें
1. चना दाल 58 रुपये प्रति किलो
2. मलका मसूर दाल 75 से 80 रुपये
3. मूंग दाल 95 से 100 रुपये
4. मसूर दाल 70 से 75 रुपये
5. उड़द छिलका दाल 120 से 125 रुपये प्रति किलो