कैथल। हरियाणा सरकार की जनहितैषी पहल के अंतर्गत वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार में जिला प्रशासन द्वारा समाधान शिविर का आयोजन किया गया।
डीसी अपराजिता के मार्गदर्शन में अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनी। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का एक ही छत के नीचे त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। अन्य को लेकर अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए गए।
डीसी अपराजिता ने अपने संदेश में कहा कि सभी अधिकारी जन शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ सुने और उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें। जनसेवा में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो शिकायतें मौके पर हल नहीं हो सकीं, उनके लिए संबंधित विभाग को समय दिया गया है। शिविर में आए ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की।
जिला प्रशासन ने घोषणा की है कि यह शिविर सोमवार और वीरवार को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक आयोजित
किए जाते हैं। ताकि कोई भी नागरिक अपनी मूलभूत समस्याओं के लिए परेशान न हो। इस अवसर पर सीटीएम गुरविंद्र सिंह, डीएसपी सुशील प्रकाश, डीआरओ चंद्रमोहन सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। संवाद