लघु सचिवालय में समाधान शिविर के दौरान लोगों की समस्याएं सुनते अधिकारी।
कैथल। लघु सचिवालय स्थित सभागार में सोमवार को समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश और डीएसपी सुशील प्रकाश ने जिलेभर से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर सीईओ सुरेश राविश ने कहा कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना प्रशासन की मुख्य जिम्मेदारी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निवारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिविर में 5 शिकायतें आई। इनको सुनने के बाद सभी को तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए गए। शिविर के दौरान ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से आए लोगों ने विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
इनमें परिवार पहचान पत्र (फैमिली आईडी), वृद्धावस्था पेंशन, पुलिस विभाग सहित अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं। सीईओ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि फैमिली आईडी में त्रुटियों के सुधार कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य सरकार की सेवाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाना और उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करना है। संवाद