संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण की ओर से जिले की सभी ग्राम पंचायतों में स्वच्छता पखवाड़ा चलाया जाएगा। इसमें 17 सितंबर से दो अक्तूबर तक जिले की सभी पंचायतों में सार्वजनिक भवन, गलियों व पूरे गांवों को प्लास्टिक मुक्त किया जाना है। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुरेश ने कहा सफाई अभियान में जन सहभागिता जरूरी है।
उन्होंने बताया कि अभियान शुरुआत मंगलवार को खंड ढांड की ग्राम पंचायत कौल की सफाई करके की गई। इस मौके पर जिला परिषद कैथल के चेयरमैन कर्मवीर सिंह कौल ने गांव में कूड़ादान वितरित किए। उन्होंने लोगों को समझाया कि घरों में दो कूड़ादान रखें। एक में सूखा और दूसरे में गीला कचरा डाले। यदि गांव में कचरा लेने के लिए रेहड़ी या गाड़ी आती है तो दोनों कूडेदान का कचरा अलग-अलग ही दें। उन्होंने ग्रामीणों को कैलेंडर भी वितरित किए। इसके साथ-साथ सरपंच, ब्लॉक समिति सदस्य, ग्राम सचिव, बीडीपीओ, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के समस्त कर्मचारी व सभी सफाई कर्मचारियों ने इस सफाई अभियान में भाग लिया।
जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश ने ग्रामवासियों को प्लास्टिक कचरा से होने वाली बीमारियों के बारे में बताया। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को नालियों व तालाबों की सफाई बारे जागरूक किया। इस दौरान सभी दुकानदारों को निर्देश दिए कि दुकान के बाहर ही कूड़ादान रखे। उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सचिवों को निर्देश दिए कि हर रोज सुबह 9 बजे से 11 बजे तक गांव में सफाई अभियान चलाया जाए। इसके साथ-साथ ग्रामवासियों से आह्वान किया कि वह इस अभियान में बढ़चढ़ कर भाग लें।