संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद पंचकूला की ओर से कैथल जिले के 224 स्कूलों के यूथ एंड इको क्लब के इंचार्जों को प्रशिक्षण दिया गया। शिविर में मुख्य वक्ता के रूप में हरियाणा वाटर रिसोर्स अथॉरिटी चेयरपर्सन रिटायर्ड आईएएस केशनी आनंद अरोड़ा ने कहा कि आने वाली पीढ़ी के लिए स्वच्छ जल उपलब्ध करवाना एक चुनौती होगी।
उन्होंने सभी उपस्थित प्रतिभागियों का आह्वान करते हुए कहा कि आप विद्यालय स्तर पर जाकर प्रत्येक विद्यार्थी को आने वाले इस जल संकट पर जरूर बताएं, ताकि हमारे आने वाली पीढ़ी को शुद्ध जल मिल सके। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सहयोग से गांव में प्रभात फेरी जन जागरण रैली का आयोजन करें। प्रदेश के तीन लाख एकड़ में धान की सीधी बिजाई करना उपलब्धि है, जिसे भविष्य में और बढ़ाने के लिए योजनाएं बनाई जाएगी। उन्होंने सभी प्रतिभागियों का आह्वान करते हुए कहा कि बच्चों में पानी बचाने की आदत का निर्माण करें।
गौरतलब है कि यह प्रशिक्षण अलग-अलग बैच में 28 और 29 अक्तूबर को आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एक्सपर्ट बाबूराम ने सॉलि़ड वेस्ट मैनेजमेंट पर कहा कि आज की सबसे कठिन और गंभीर समस्या इलेक्ट्रॉनिक वेस्ट है, जिसका किसी भी प्रकार प्रबंध करना मुश्किल है, इसलिए हमें इस पर विचार अवश्य करना चाहिए।
जिला सहायक परियोजना संयोजक कुशल कुमार ने बताया कि प्रत्येक प्राथमिक स्कूल में इको क्लब के तीन हजार रुपये मिडिल स्कूल में नौ हजार रुपये और वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विभाग की ओर से 15 हजार रुपये भेजे गए हैं। प्रत्येक पीएमश्री स्कूल में यह राशि 40 हजार रुपये की है। उन्होंने कहा कि उपरोक्त राशि का 10 प्रतिशत गतिविधियों के बैनर बनाने में तथा 50 प्रतिशत किचन गार्डन बनाने में और 2500 रुपये इको क्लब फॉर्मेशन लाइफ का बोर्ड बनवाने में खर्च करनी है। सभी प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण के बहुत अच्छे प्रबंधन के लिए प्रधानाचार्य रामशरण का धन्यवाद किया।