संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। घग्गर नदी के बहाव में रुकावट पैदा कर दोनों प्रदेशों में बाढ़ का कारण बन रहे हांसी-बुटाना नहर के साइफन से परेशान पंजाब के ग्रामीणों ने मंगलवार को कैथल-पटियाला स्टेट हाईवे पर जाम लगा हरियाणा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर धरना भी दिया।
बाॅर्डर पर स्थित पंजाब के गांव धर्महेड़ी में ग्रामीणों के इस प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही पंजाब सरकार के मंत्री चेतन सिंह जोड़ माजरा ग्रामीणों के बीच पहुंचे और उनके साथ धरने में बैठकर समस्याएं सुनी। स्टेट हाइवे पर जाम की सूचना पाकर चीका थाना के सब-इंस्पेक्टर अनिल कुमार भी पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बात की।
साइफन से बाढ़ और नुकसान की शिकायत ः प्रदर्शन कर रहे पंजाब के गांव ससा गुजरां के सरपंच बलजीत सिंह, मालक सिंह, लाली, मेजर सिंह (बीबीपुर), बहादुर सिंह (बीबीपुर), अर्शदीप सिंह और रनजोध सिंह ने बताया कि हांसी-बुटाना नहर को घग्गर के ऊपर से गुजारने के लिए जो साइफन बनाया गया है, वह घग्गर के प्राकृतिक बहाव में रुकावट पैदा कर रहा है। इसके कारण ऊपर के क्षेत्र में पानी का दबाव बढ़ जाता है और यह पानी घग्गर के किनारों से बाहर निकलकर खेतों और घरों में बह जाता है।
नाराज ग्रामीणों ने बताया कि इसी साइफन की वजह से घग्गर का पानी हरियाणा के तीन दर्जन गांवों के साथ-साथ पंजाब के ससा गुजरां, शशी, रामनगर, धरमेहड़ी, बीबीपुर, जुलाहा खेड़ी, बलबेहड़ा सहित कई दर्जन गांवों में भारी नुकसान करता है। बाढ़ के पानी से जान-माल और फसलों को नुकसान के साथ-साथ घरों, सड़कों जैसी मूलभूत सुविधाएं भी तहस-नहस हो जाती हैं।
ग्रामीणों ने पंजाब के मंत्री चेतन सिंह जोड़ माजरा को ज्ञापन सौंपकर हर साल आने वाली बाढ़ का स्थायी हल करवाने की मांग की। वहीं, चीका थाना के सब-इंस्पेक्टर अनिल कुमार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा गया।
ज्ञापन में मांग रखी गई कि दोनों प्रदेशों के हित को देखते हुए हांसी-बुटाना नहर पर बनाए गए साइफन को हटाकर नहर को घग्गर के नीचे से गुजारा जाए, ताकि घग्गर का पानी अपने प्राकृतिक बहाव में बह सके। सब-इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने आश्वासन दिया कि उनकी मांग उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई जाएगी।
विधानसभा में उठाऊंगा जनता की आवाज : चेतन सिंह
प्रदर्शन स्थल पर मौजूद पंजाब के मंत्री चेतन सिंह जोड़ माजरा ने कहा कि घग्गर में आए पानी से पंजाब के कई दर्जन गांवों में भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्रामीणों की समस्या वे पंजाब विधानसभा में उठाएंगे और हरियाणा सरकार से भी समाधान के लिए बातचीत करेंगे।