देशव्यापी किसान आंदोलन के तहत आहूत भारत बंद आंदोलन में आज अनाज मंडी में धान की खरीद नहीं होगी। आढ़तियों ने किसानों के समर्थन में मंडी बंद रखने का फैसला लिया है। वहीं किसान भी लघु सचिवालय में एकत्रित होकर शहर में व्यापारियों से प्रतिष्ठान बंद रखने का आह्वान करेंगे। उधर, एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
भाकियू के जिला प्रधान होशियार सिंह गिल ने बताया कि किसान लघु सचिवालय में एकत्रित होंगे। यहां से बाजारों में जाकर दुकानदारों से अपील की जाएगी कि किसानों के समर्थन में वे अपने बाजार बंद रखें। इसके साथ-साथ गांव गुलियाणा, जाखौली में भी धरने दिए जाएंगे।
दूसरी ओर नई अनाज मंडी में वीरवार को श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में जिला प्रधान अश्वनी शोरेवाला व नई अनाज मंडी के प्रधान कृष्ण मितल, दूसरी एसोसिएशन के प्रधान शमशेर मितल की अध्यक्षता में मंडी की मीटिंग हुई। इस मीटिंग में पूर्व चेयरमैन रामनिवास मितल, श्याम लाल नौच, धर्मपाल कठवाड़, सुरेश चौधरी, रामनिवास जैन, ईश्वर जैन, पवन बंसल आढ़ती मौजूद थे। जिसमें अश्वनी शोरेवाला ने बताया कि शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन के समर्थन में सभी आढ़ती कृषि कानूनों के विरोध में अपनी दुकानें बंद रखेंगे। सभी आढ़ती, मुनीम, मंडी परचेजर व मजदूर किसानों के समर्थन में हड़ताल पर रहेंगे। एसपी शशांक सावन ने कहा कि कानून व्यवस्था के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। किसी को कानून अपने हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा।