शारीरिक शिक्षक संघर्ष समिति द्वारा लघु सचिवालय में धरना व क्रमिक अनशन लगातार 78वें दिन भी जारी रहा। सोमवार को अनशन पर कर्म सिंह बोदला, पवन कुमार, सिकंदर खेड़ी, देवेंद्र भट्टी, दलबीर कुंडू व बलदेव बैठे। धरने की अध्यक्षता सतपाल शर्मा व मंच संचालन करतार सिंह ने किया। धरने को संबोधित करते हुए सतपाल शर्मा प्रधान शारीरिक शिक्षक संघर्ष समिति कैथल ने कहा शारीरिक शिक्षक संघर्ष समिति की रविवार को गुरुग्राम में आयोजित मीटिंग में कई फैसले लिए गए, जिसमें सोमवीर सांगवान विधायक द्वारा जींद जन पंचायत में बर्खास्त पीटीआई की बहाली की वादाखिलाफी के खिलाफ और सरकार से समर्थन वापस लेने की मांग को लेकर 2 सितंबर को चरखी दादरी में प्रदर्शन किया जाएगा। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा पीटीआई की परीक्षा का पेपर लीक होने की हाईकोर्ट के सिटिंग जज से जांच करवाने और परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर 3 सितंबर को आयोग के पंचकूला कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। 8 सितंबर को पीटीआई की नौकरी बहाली का रास्ता निकालने, 23 अगस्त को पीटीआई की भर्ती के लिए ली गई परीक्षा का पेपर लीक होने की हाईकोर्ट के सिटिंग जज से जांच कराने और परीक्षा रद्द करवाने की मांग को लेकर करनाल में परिवारों सहित प्रदर्शन किया जाएगा। 11 सितंबर से होडल, नांगल चौधरी, डबावली व कालका से चार जत्थे चलाए जाएंगे। जिनका समापन 23 सितंबर को गोहाना में किया जाएगा। हरियाणा शारीरिक शिक्षक संघर्ष समिति का पुनर्गठन किया गया। जिसमें 22 पुरुष व 22 महिलाओं को शामिल किया गया। जिसका संयोजक धर्मेंद्र पहलवान व बनिता यादव को बनाया गया है। इसके अलावा चारों कमिश्नरी से दो दो सह संयोजक भी बनाए गए हैं।