ढांड। ईरान पर अमेरिका के हमले के विरोध में एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को ढांड स्थित पार्टी कार्यालय के समीप जिला सचिव कामरेड राजकुमार सारसा की अध्यक्षता में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान नारेबाजी भी की गई।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कामरेड राजकुमार ने कहा कि हम ईरान पर अमेरिकी साम्राज्यवाद द्वारा किए गए बर्बर सैन्य हमले की कड़ी निंदा करते हैं। यह हमला न केवल सभी अंतरराष्ट्रीय मानदंडों का उल्लंघन है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) की चेतावनियों की भी अवहेलना करता है। इससे शांतिप्रिय वैश्विक जनमत का भी खुला अपमान हुआ है।
इस मौके पर जिला कमेटी सदस्य कामरेड कृष्ण चंद, दर्शन सिंह, रामसरूप, शीशपाल, बलदेव सिंह, लाला राम, लाभ सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। संवाद