गुहला-चीका। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्यों ने वीरवार को मार्केट कमेटी चीका कार्यालय के समक्ष धरना देकर रोष प्रकट किया। धरने की अध्यक्षता जिला नेता धर्मपाल भूना ने की, जबकि संचालन जसपाल सिंह ने किया।
मोर्चा के नेता जसबीर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा फसल खरीद के लिए लागू किए गए ऑनलाइन पोर्टल, वेरिफिकेशन और अन्य नियमों के कारण किसानों को अपनी फसल बेचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि तकनीकी प्रक्रियाओं और औपचारिकताओं के चलते किसानों को मंडियों में दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
जसबीर सिंह ने कहा कि सरकार के दावे झूठे निकले। हकीकत यह है कि कई किसानों को 15 दिन बाद भी उनकी फसल का भुगतान नहीं मिल पाया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समाधान नहीं हुआ तो संयुक्त किसान मोर्चा दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होगा। धरने के बाद किसानों ने मार्केट कमेटी सचिव को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।संवाद