कृषि कानूनों के विरोध में विभिन्न कालेजों के विद्यार्थी और युवा किसानों ने लघु सचिवालय से लेकर न्यू छोटू राम चौक तक सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इसके बाद न्यू छोटू राम चौक पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम संजय कुमार व डीएसपी दलीप सिंह ने विद्यार्थियों व युवा किसानों को जाम खोलने की अपील की। लेकिन आक्रोशित किसान विद्यार्थी और युवा किसान ढाई घंटे तक वहीं पर डटे रहे। किसान नेताओं के समझाने के बाद वह से सभी हटे।
शुक्रवार को सुबह 10 बजे विभिन्न कालेजों व युवा किसानों ने लघु सचिवालय में एक सभा की। सभा में कृषि कानूनों के विरोध में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने की सलाह हुई। इसके बाद सभी विद्यार्थी व युवा किसान सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर हाथों में भाकियू का झंडा व तिरंगा लेकर न्यू छोटू राम चौक पर पहुंचे। जहां पर किसानों ने जाम लगा दिया। किसानों ने चौक को चारों ओर से घेर लिया और वाहनों को निकलना बंद करा दिया। जाम लगने की सूचना पर मौके पर एसडीएम संजय कुमार व डीएसपी दलीप सिंह पहुंचे। एसडीएम ने विद्यार्थियों व किसानों को समझाने की कोशिश की व जाम खोलने व एक साइड में बैठकर प्रदर्शन करने की अपील की। लेकिन किसानों ने एसडीएम की बात न मानकर जाम लगाकर रखा व सरकार विरोधी नारेबाजी जारी रही। इसके बाद आधे घंटे बाद फिर एसडीएम ने युवाओं को समझाने की कोशिश की लेकिन युवा नहीं समझे। इसके बाद भाकियू के जिला अध्यक्ष होशियार सिंह गिल, किसान केशा राम प्यौदा पहुंचे। उन्होंने सभी युवा किसानों को थाना स्थित टोल प्लाजा पर पहुंचने का अनुरोध किया। इसके बाद ही युवा किसान वहां से टोल के लिए रवाना होने लगे। करीब ढाई घंटे बाद किसानों ने छोटू राम चौक को खाली किया। किसान नेता होशियार गिल ने कहा कि उनका शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन चल रहा है और जब तक कानून वापस नहीं होते तब तक जारी रहेगा। किसान अमन, अमित, नीरज, रविंद्र, राकेश, अंकित, साहिल, दीप, अजय, सुरेश, मलकीत व प्रवेश ने कहा कि सरकार ने किसान आंदोलन को तोड़ने की साजिश रची है। लेकिन वह सरकार का चेताना चाहते हैं कि किसानों को भाईचारा पहले भी था, अब भी है और आगे भी यूं ही बना रहेगा। सरकार ने किसानों के आंदोलन को बदनाम करने का काम किया है। लेकिन किसान तब तक पीछे नहीं हटेंगे जब तक कृषि कानून वापस नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि किसान नेता राकेश टिकैत की भावुकता को देखकर किसानों का जोश दोगुना हो गया है। अब किसान पहले से भी भारी संख्या में दिल्ली बॉर्डर पर पहुंचेंगे।
तितरम मोड पर जाम लगाकर फूंका सरकार का पुतला- वहीं करीब एक बजे विभिन्न गांव के किसानों ने तितरम मोड़ स्थित ब्रिज के नीचे जाम लगा दिया। किसानों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और राज्यमंत्री का पुतला फुंका। किसान जसविंद्र, भरत, पवन, सुरेंद्र व राहुल ने बताया कि किसानों ने कृषि कानून वापस लेने व सरकार द्वारा किसानों का आंदोलन तोड़ने का किया गया प्रयास के विरोध में जाम लगाया गया है। उन्होंने कहा कि किसान नेता राकेश टिकैत का समर्थन करते हैं। अब किसान पहले से भी ज्यादा जोश के साथ किसान दिल्ली कूच करेंगे।
जाम के दौरान यातायात का बदला रूट- ट्रैफिक एसएचओ मुखत्यार सिंह ने बताया कि करीब ढाई घंटे तक न्यू छोटू राम चौक पर जाम लगा रहा। इस दौरान वाहन चालकों को परेशानी नहीं हुई। जाम की स्थिति देख पहले की वाहनों के रूट बदल दिए थे। जींद, हिसार, असंध की तरफ से आने वाले वाहन ढांड रोड से होकर बस अड्डा पहुंचे। वहीं पूंडरी व करनाल से आने वाले वाहन ग्योंग से होते हुए बस अड्डा पहुंचे। वहीं तितरम मोड़ पर जाम लगने से हिसार की तरफ जाने वाले वाहन गांव चंदाना से निकाले गए व जींद, असंध की ओर जाने वाले वाहन गांव प्यौदा से निकाले गए।