जवाहर पार्क स्थित दरगाह के पास वक्फ बोर्ड की जमीन पर विवाद को लेकर दो पक्षों ने सिटी थाना में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दी है। इनमें से एक पक्ष के लोग वीरवार को दोपहर के बाद सिटी थाना पहुंचे और दूसरे पक्ष पर कार्रवाई की मांग की। थाना पहुंचे जय, कमल बतरा, अनिल, अंकित व योगेश ने कहा कि दरगाह के पास वक्फ बोर्ड की करीब 113 गज जगह है। उस जगह को पंकज नागपाल नामक व्यक्ति ने लीज पर लिया है। उसने प्रवीन सरदाना, विक्की व अन्य लोगों के साथ मिलकर जमीन पर निर्माण शुरू करवा दिया। जबकि यह पार्किंग की जमीन है। इस पर दरगाह पर आने वाले लोगों द्वारा पार्किंग की जाती है। यह जमीन करोड़ों रुपये की है। उन्होंने बताया कि काम शुरू करने से पहले इन लोगों द्वारा किसी अधिकारी से भी अनुमति नहीं ली गई।
शिकायत लेकर पहुंचे लोगों ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में पुलिस को शिकायत भी दी थी, लेकिन पुलिस ने अब उन्हें कहा है कि उनकी शिकायत का राजीनामा हो गया है, जबकि उनमें से कोई भी व्यक्ति राजीनामे के लिए नहीं आया था। पुलिस द्वारा भी उन्हीं पर कार्रवाई करने की बात कही जा रही है।
इस संबंध में पंकज नागपाल ने कहा कि उसके पास जमीन लीज पर लेने से संबंधित सभी दस्तावेज हैं। वह हर माह किराया भी दे रहा है, जो करीब 17 हजार रुपये बनता है। कुछ लोगों द्वारा इसे राजनीतिक रुप दिया जा रहा है। उसे जान बूझकर परेशान किया जा रहा है।
दूसरी ओर प्रवीन सरदाना ने कहा कि इस मामले से उनका कोई लेना देना नहीं है। उन्हें जान बूझकर इसमें शामिल किया जा रहा है। न तो जमीन उसकी है और न ही उसने ली है। अगर फिर भी किसी प्रकार से केस बनता है तो वे इसके लिए तैयार हैं।
सिटी थाना एसएचओ अमित कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।