कैथल। जिले की अनाज मंडियों में धान की सरकारी खरीद का दौर थम गया है, जिससे किसानों और आढ़तियों की चिंता बढ़ गई है। सरकारी खरीद पर ब्रेक लगने के कारण मंडियों में करीब 28 हजार मीट्रिक टन पीआर धान बिना बिके ही पड़ा है। इस बार मंडियों में धान की आवक भी पिछले वर्ष के मुकाबले 56 हजार एमटी कम दर्ज की गई।
गत वर्ष 8.94 लाख एमटी आवक थी और अब 8.38 लाख एमटी पर सिमट गई। खरीद बंद होने से अब किसानों के सामने अपनी उपज को औने-पौने दामों पर निजी व्यापारियों को बेचने की मजबूरी खड़ी हो गई है। किसान संगठनों और मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान रघबीर मलिक ने सरकार व जिला प्रशासन से मांग की है कि किसानों के हितों को देखते हुए सरकारी खरीद की अंतिम तिथि को कम से कम एक सप्ताह के लिए आगे बढ़ाया जाए, ताकि मंडी में पड़े एक-एक दाने की खरीद एमएसपी पर सुनिश्चित हो सके।
28 हजार एमटी धान का उठान बाकी
खरीद एजेंसियों के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार शाम छह बजे तक जिले की विभिन्न मंडियों में कुल 8.38 लाख एमटी धान की आवक हुई है। इसमें से सरकारी एजेंसियों द्वारा 8.10 लाख एमटी धान की खरीद की जा चुकी है, जबकि शेष 28 हजार एमटी धान खरीद के इंतजार में खुले आसमान के नीचे पड़ा है। खरीदे गए धान में से 7.82 लाख एमटी का ही उठान हो सका है और करीब 28 हजार एमटी धान अभी भी मंडियों में उठान का इंतजार कर रहा है। सरकार की ओर से किसानों को अब तक 1891 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
निजी व्यापारी उठाएंगे फायदा : विक्रम कसाना
सरकारी खरीद बंद होने की खबर से किसानों में रोष है। किसान नेता विक्रम कसाना का कहना है कि मौसम की मार और कटाई में देरी के कारण कई किसान समय पर अपनी फसल मंडी में नहीं ला सके। अब जब फसल मंडी में पहुंच चुकी है, तो सरकारी खरीद रोक दी गई है। इसका सीधा फायदा निजी व्यापारी उठाएंगे और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से काफी कम दाम पर धान खरीदकर किसानों का शोषण करेंगे।
सरकार के आदेशानुसार 15 नवंबर तक सरकारी खरीद करनी थी। आज रविवार होने के कारण खरीद नहीं होगी। हालांकि सरकार की तरफ से खरीद के जो भी आगामी आदेश होंगे, उनका पालन किया जाएगा। नरेंद्र ढुल, सचिव, मार्केट कमेटी
शहर की अतिरिक्त मंडी में उठान के इंतजार में पड़ा धान। संवाद