संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। कलायत शहर के वार्ड नौ मेंं मां दुर्गा मंदिर के नजदीक सीवरेज प्रणाली की वजह से मकानों की दीवारों में दरारें आने के साथ-साथ आशियानों के धंसने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। इससे आवासीय क्षेत्र में भारी दहशत है। कई लोग घरों को खाली करने की तैयारी मेंं हैं। गंभीर समस्या के निवारण के लिए अब महिलाओं ने संघर्ष का बीड़ा उठा लिया है।
मोनिका, संतोष, कमलेश, निशा और दूसरी महिलाओं ने इस संबंध मेंं जन स्वास्थ्य विभाग एसडीओ के नाम शिकायत दी है। महिलाओं ने बताया कि आवासीय क्षेत्र में सीवरेज प्रणाली ठप है। कहीं मेन हाल ओवरफ्लो हैं तो कहीं सीवरेज लाइन बंद पड़ी है। इसके चलते घरों में दरारें आना एक गंभीर समस्या बनती जा रही है।
स्थानीय निवासियों ने इस मुद्दे को उठाते हुए प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि कई घरों की दीवारों और फर्श में सीवरेज की वजह से दरारें आ रही हैं। सीवरेज पाइपलाइन में बार-बार लीकेज होने से कहीं न कहीं मिट्टी का कटाव हो रहा है। जिससे घरों की नींव कमजोर पड़ रही है। इसी वजह से वे भय के साये में जी रहे हैं। यदि तत्काल समाधान न किया गया तो भविष्य में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। उधर, कलायत जन स्वास्थ्य विभाग एसडीओ इंद्राज पंवार ने बताया कि इस संबंध में लिखित शिकायत मिली है। इस पर संज्ञान लेते हुए जांच टीम को गतिशील किया गया है। टीम का उद्देश्य यह पता लगाना है कि सीवरेज सिस्टम में किन कारणों से खराबी आ रही है। इसके लिए कौन से उपाय किए जा सकते हैं। विभाग गंभीरता से कार्य करते हुए समस्या का हल करेगा।