पेगा रोड़ पर स्थित जलघर में टैंकों का पानी सूखने के कारण लोग नहरी पानी से वंचित हैं। एक माह से राजौंद डिस्ट्रब्यूटरी सूखी पड़ी है। जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। हालांकि जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा जलघर में लगाए गए ट्यूबवेल से पानी सप्लाई तो की जा रही है, लेकिन पूरे नगर में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है। जिससे लोगों को पानी के लिए पिछले कई दिनों से परेशानी उठानी पड़ रही है। जन स्वास्थ्य के कर्मचारियों का कहना है कि पिछले एक महीने से ऊपर नहरी पानी नही आ रहा है, जिससे टैंकों का पानी सूख चुका है। लोगों का कहना है कि कहने को तो राजौंद का नगरपालिका का दर्जा दिया गया है, घर-घर नहरी पानी पहुंचाने के दावे किए जा रहे हैं। लेकिन पिछले 10 दिन से नहरी पानी नहीं मिल रहा। घरों में लगे हैंडपंपों का पानी पीने योग्य नहीं है। जिससे गर्मी के इस मौसम में पानी के लिए भारी मुश्किल हो रही है। इस बारे में जन स्वास्थ्य विभाग के कनिष्ठ अभियंता विनोद कुमार ने बताया कि नहरी पानी देरी से मिलने के कारण टैंक का पानी जल्दी खत्म हो जाता है। जब नहरी पानी खत्म हो जाता है तो टयूबवेल से पानी की आपूर्ति की जाती है।