नेशनल योगा ओलंपियाड में प्रतिभा दिखाएगी प्रियंका
18 से 20 तक मैसूर में आयोजित की जाएगी प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
ढांड। राजकीय उच्च विद्यालय चंदलाना की छात्रा प्रियंका शनिवार को नेशनल योगा ओलंपियाड खेलने के लिए रवाना हुई। पीटीआई योगिता पांचाल ने बताया कि प्रियंका ने राज्य स्तर पर योगा में प्रथम स्थान हासिल किया था। इसके बाद उसका राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।
प्रियंका अब अंडर-14 आयु वर्ग मेंं मैसूर कर्नाटका में नेशनल योगा ओलंपियाड में हिस्सा लेगी। यह ओलंपियाड मैसूर में 18 से 20 जून तक आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रियंका सातवीं कक्षा की छात्रा है। पढ़ाई के साथ-साथ उसकी योगा में भी गहरी रुचि है। प्रियंका इससे पहले भी ब्लाक से लेकर स्टेट लेवल तक योगा में प्रतिनिधित्व कर चुकी है। पीटीआई ने उम्मीद जताई कि प्रियंका नेशनल में पदक हासिल करके ही लौटेगी। मुख्याध्यापक श्यामपाल शर्मा ने भी प्रियंका को शुभकामनाएं दी हैं।