सांसद नायब सैनी ने निजी चिकित्सकों से अपील की है कि वे इस महामारी के दौर में व्यापार छोडक़र मानवता की सेवा के लिए आगे आएं। वे जिले में स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लेने के बाद भाजपा जिला कार्यालय में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। सांसद ने कहा कि कोरोना महामारी में मिलकर लड़ाई लडऩी होगी। इसके लिए सभी का सहयोग जरूरी है। लोग नियमों का पालन करें। मास्क लगाएं, सैनिटाइजर का प्रयोग करें, सामाजिक दूरी बनाकर रखें। केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा हर संभव स्तर पर काम किया जा रहा है। जिले में ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं है। न ही बेडों की अभी तक कमी सामने आई है। एकजुटता के साथ इस महामारी को खत्म कर सकते हैं।
सांसद ने पश्चिम बंगाल में हुई भाजपा की बड़ी हार के सवाल पर कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की पिछले चुनाव में 3 सीटें थीं, अबकि बार 80 से ज्यादा सीटें अधिक जीती हैं तो यह एक तरह से जीत है। सांसद ने इस अवसर पर जिला भाजपा कार्यालय में खोले गए हेल्प डेस्क को लेकर भी जिला अध्यक्ष अशोक गुर्जर के साथ चर्चा की। साथ ही लोगों से अपील करते हुए कहाकि वे अफवाहों से बचे और स्वयं भी कोई अफवाह न फैलाएं। आजादी के 70 वर्ष बाद भी लचर स्वास्थ्य सेवाओं को दुखद बताया और साथ ही उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस दिशा काफी काम किया और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था को मजबूत किया है। जिला अस्पताल में यदि कोई अव्यवस्था है तो वे इसके लिए संबंधित अधिकारियों से बात करेंगे। सांसद ने कहा कि हरियाणा में ऑक्सीजन का कोटा बढ़ाया गया है। स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर अगर कोई कालाबाजारी करता पकड़ा गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर उनके साथ विधायक लीलाराम, जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर, सौरभ चौधरी व नरेश मित्तल, जिला महामंत्री रामपाल राणा, राज रमन दीक्षित एडवोकेट भी उपस्थित थे।