संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। नगर परिषद की तरफ से कार्यालय के समीप बनाया जा रहा कोठी गेट जल्द ही तैयार होगा। इसके निर्माण पर करीब 25 लाख रुपये की लागत आएगी। उम्मीद है कि यह गेट अगले एक महीने में भीतर ही तैयार हो जाएगा।
गेट के निर्माण कार्य के तहत दोनों तरफ पिलर तैयार कर लिए गए हैं। काम लगातार जारी है।
गौरतलब है कि इससे पहले रेलवे गेट पर भव्य मुख्य गेट बनाया गया है, जो रात के समय में लाइटों से जगमगाता है। इस भव्य गेट को बनाने के साथ ही गेट के ऊपर भगवान श्री कृष्ण एवं अर्जुन की रथ वाली प्रतिमा भी लगाई जाएगी।
24.80 लाख रुपये की लागत से कोठी गेट का निर्माण करवाया जा रहा है। इससे पहले रेलवे गेट वाले दरवाजे पर करीब 15 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। यह शहर में जाने वाला मुख्य मार्ग है। ऐसे में निर्माण के बाद यह भव्य लगेगा। - सुशील कुमार, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद, कैथल।
सात द्वारों में बसा था कैथल, अब सभी हो चुके विलुप्त
आजादी से पहले कैथल सात द्वारों में बसा था। शहर में चंदाना गेट, प्रताप गेट, डोगरा गेट, सीवन गेट, माता गेट, कोठी गेट व क्योड़क गेट स्थापित थे। कैथल के जिला बनने के बाद शिक्षण क्षेत्र में इसका रुतबा बढ़ा। हालांकि उस समय आरकेएसडी शिक्षण संस्थान तो था। इसके अलावा हिंदू वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल, जाट स्कूल और कमेटी चौक स्थित राजकीय स्कूल थे। रात के समय इन दरवाजों को सुरक्षा की दृष्टि से बंद कर दिया जाता था। वहीं नगर परिषद की तरफ से शहर में सभी द्वारों का निर्माण करने की योजना है। इसे सिरे चढ़ाने के कार्य भी शुरू कर दिया गया है।