संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। इंदिरा गांधी महिला महाविद्यालय की दो छात्राओं प्राची व सिमरन ने राष्ट्रीय स्तर पर हुई ऑनलाइन निबंध लेखन प्रतियोगिता में नेशनल स्तर के कई कॉलेजों के विद्यार्थियों को पछाड़ते हुए चौथे व सातवें स्थान पर अपना नाम बनाकर कॉलेज का परचम फहराया। इस सफलता पर उन्हेंं कॉलेज में सम्मानित किया गया।
कॉलेज प्रबंधक समिति के प्रधान रामबहादुर खुरानिया ने बताया कि यह प्रतियोगिता ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी, मिनिस्ट्री ऑफ पॉवर, गवर्नमेंट ऑफ इंडिया, पावर डेवलपमेंट डिपार्मेंट, गवर्नमेंट ऑफ जम्मू एंड कश्मीर व गवर्नमेंट कॉलेज आफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, जम्मू एंड कश्मीर के तत्वावधान में करवाई गई। यह प्रतियोगिता ‘इन्नोवेटिव आईडियाज ओन एनर्जी कंजर्वेशन एंड इंपेक्ट देअरऑफ’ के थीम पर आधारित रही। इसमें महाविद्यालय की दो छात्राओं ने बेहतरीन प्रदर्शन किया व टॉप-10 में स्थान बनाया।
इस प्रतियोगिता में तीन कांटेस्ट थे, जिसमें से दूसरे कॉन्टेस्ट की कैटेगरी नंबर दो में इन छात्राओं ने भाग लिया और एमए अंग्रेजी फाइनल की छात्रा प्राची ने चौथा व बीएससी फाइनल (मेडिकल) की छात्रा सिमरन ने सातवां स्थान बनाया। छात्राओं को उनकी उपलब्धि के लिए एक स्मृति चिह्न व प्रमाण पत्र देने की घोषणा की गई।
प्रतियोगिता कॉलेज के ग्रीन एनर्जी व एनवायरमेंट ऑडिट के तत्वावधान में करवाई। कॉलेज प्रबंधक समिति व कॉलेज प्राचार्या डॉ. आरती गर्ग व सांयकालीन सत्र की प्राचार्या प्रभारी श्वेता तंवर ने दोनों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मौके पर कॉलेज स्टॉफ से अनिशा ग्रोवर व छवि सिंगला उपस्थित रहे।