जनरेटर की व्यवस्था होने पर बोर से पानी भर्ती महिलाएं।
राजौंद। राजौंद में पिछले करीब 30 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली के साथ-साथ पेयजल संकट गहराने से समस्या बढ़ गई। वहीं राजौंद खंड के कई गांवों में बुधवार रात करीब 10 बजे से ही बिजली बंद रही। बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण लोगों के इनवर्टर भी बंद हो गए जिससे घरों और दुकानों के जरूरी कामकाज प्रभावित हुए। सबसे अधिक परेशानी पेयजल की रही। बिजली न होने के कारण पानी की मोटरें नहीं चल सकीं और लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा।
लोगों का आरोप है कि बिजली आपूर्ति बाधित होने के बावजूद जन स्वास्थ्य विभाग और बिजली विभाग की ओर से पानी व बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे लोगों में विभागों के प्रति भारी रोष देखने को मिला। हालांकि समाजसेवी अनिल अरोड़ा ने जनरेटर की व्यवस्था कर दिनभर अलग-अलग स्थानों पर लोगों के लिए पानी उपलब्ध करवाया। इसके अलावा एक ईंट-भट्ठे के कर्मचारी ने पानी के टैंकर के माध्यम से लोगों तक पानी पहुंचाया। राजौंद पावर हाउस में बिजली उपलब्ध है लेकिन आगे की लाइनों में फाल्ट होने के कारण सप्लाई नहीं की जा रही। लोगों ने संबंधित विभागों से बिजली व्यवस्था जल्द बहाल करने और पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था करवाने की मांग की है।
जनरेटर की व्यवस्था होने पर बोर से पानी भर्ती महिलाएं।