इंदिरा गांधी मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल में शुक्रवार को करीब पांच घंटे तक लंबे बिजली के कट से मरीज बेहाल रहे। इस दौरान उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सबसे ज्यादा परेशानी विभिन्न हादसों में पीड़ित एवं अन्य प्रकार से घायल हुए उन मरीजों को हुई। जो एक्स-रे करवाने के लिए अस्पताल पहुंचे। सुबह नौ बजे से लेकर करीब दो बजे तक अस्पताल से बिजली गुल रहने के कारण एक्स-रे नहीं हो पाए। जिस कारण लगभग तीन दर्जन मरीज मायूस होकर लौट गए। हालांकि जिला अस्पताल हॉटलाइन से जुड़ा हुआ है। लेकिन इसके बावजूद भी बिजली गुल रहने के कारण लोगों को दिक्कतें हुईं।
कई घंटों से कर रहे हैं इंतजार
अस्पताल में एक्स-रे कक्ष के बाहर फरल से आए रामपाल, हरसौला के जसमेर सिंह सहित मरीज शमशेर सिंह, ईश्वर सिंह, समीना, भागो, नसीब, सुरेश, रामदत्त, अनारकली, कोमल, राजेश, पूनम, सुखविंद्र कौर, नामो, सर्ती, बदो देवी और किरणपाल सिंह सहित अन्य की फाइलें बिजली आने का इंतजार करती रहीं। लोगों ने कहा कि वे सुबह नौ बजे से यहां एक्स-रे के लिए बैठे हैं। लेकिन बिजली नहीं है।
कई पीड़ित मरीजों से बैठा रहना भी मुश्किल हो रहा था। ऐसे में उनकी पीड़ा को समझने एवं सुनने वाला कोई नजर नहीं आया। बीच में करीब पंद्रह मिनट के लिए बिजली आई भी। लेकिन इससे एक्स-रे मशीन नहीं चल पाई। जिस कारण मरीजों को इसके बाद दो बजे तक लंबा इंतजार करना पड़ा। लोगाें का कहना था कि यदि बिजली में कोई खराबी है तो इसे ठीक करवाया जाए।
132 केवीए में फॉल्ट से सप्लाई बाधित
इस संबंध में मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डा. वर्मा ने कहा कि कोई फॉल्ट आया हुआ था। जिसे ठीक करने के लिए कट लगाया गया। बिजली विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर बिजली बहाल करवाई गई। वहीं, बिजली विभाग के एसए ने कहा कि 132 केवीए में समस्या थी। जिसे ठीक करने के कारण कट लगाया गया था। बाद में बिजली बहाल कर दी गई।