ढांड। करनाल-पटियाला हाईवे पर कौल बस स्टैंड से सरसा ब्रांच नहर पुल तक टूटी हुई सड़क ग्रामीणों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। समाजसेवी रणबीर आर्य, प्रवीण कुमार, जगदीश, ईस्मा और सतपाल ने बताया कि सड़क में बने गहरे गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे हैं। बार-बार शिकायतों के बावजूद विभागीय अधिकारी समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है। बरसात के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से दोपहिया वाहन चालक असंतुलित होकर गिर चुके हैं। हाल ही में कौल निवासी एक युवक की बाइक गड्ढे में फिसलने से मौत हो गई, लेकिन अधिकारियों ने इस गंभीर घटना के बाद भी सुधार के प्रयास नहीं किए। इससे ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से टूटी सड़क को तुरंत दुरुस्त करने की मांग की है।
इस संदर्भ में लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता वरुण कंसल ने बताया कि कौल में नहर पुल से लेकर पबनावा मोड़ तक सड़क को सीसी रोड बनाने की स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि इस पर लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत आएगी। फिलहाल सड़क के बीच बने गड्ढों को शीघ्र भरवाया जाएगा।