कैथल। पिहोवा में राज्यमंत्री संदीप सिंह का गणतंत्र दिवस पर विरोध करने वाली सोनिया दूहन ने अब कैथल में मंत्री विरोधी पोस्टर लगाए हैं। इसमें लिखा है कि मंत्री संदीप सिंह की एंट्री बैन। पोस्टरों में एक तरफ सोनिया दूहन का फोटो है तो दूसरी तरफ राज्यमंत्री संदीप सिंह का।
सोनिया दूहन ने गत 19 फरवरी को सेक्टर-18 स्थित मैदान में खाप और किसान संगठनों की महापंचायत की थी। इसमें मंत्री संदीप सिंह को कैथल में नहीं घुसने देने का ऐलान किया गया था। पंचायत के एक सप्ताह बाद अब जिले में कई स्थानों पर इस संबंध में पोस्टर चस्पा किए गए हैं। इससे पहले राज्यमंत्री संदीप सिंह पर एक महिला कोच ने छेड़छाड़ के आरोप लगाए हैं, जिसके बाद विभिन्न खापों और संगठनों की ओर से मंत्री के खिलाफ आंदोलन किए जा रहे हैं।
शहर में लगाए गए पोस्टर को लेकर सोनिया दूहन ने कहा कि आमजन को इस बारे में जानकारी देने के लिए ये पोस्टर लगाए गए हैं। वैसे तो पूरे प्रदेश को पता है कि इस व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज है। फिर भी लोगों को जानकारी देने के लिए ये पोस्टर लगाए गए हैं। जल्द ही अन्य जिले में भी आरोपी राज्यमंत्री के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाएगा।