कैथल। उच्चतर शिक्षा विभाग ने स्नातक प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष में दाखिले के लिए फिर से पोर्टल खोला है। अब विभिन्न डिग्री कोर्सों में खाली सीटों पर दाखिले का विद्यार्थियों को एक और मौका मिला है। इच्छुक विद्यार्थी 31 अक्तूबर तक पोर्टल पर पंजीकरण करवाकर खाली सीटों पर दाखिला ले सकते हैं। पंजीकरण के साथ-साथ ही विद्यार्थियों के दस्तावेजों की जांच और फीस जमा करवाने का कार्य किया जाएगा।
गौरतलब है कि जिले में 15 सरकारी और निजी डिग्री कॉलेज हैं। इनमें विभिन्न कोर्सों में दाखिले के लिए 9500 सीटें निर्धारित की गई हैं। प्रथम वर्ष में अब तक औसतन 90 से 92 प्रतिशत सीटों पर दाखिले हो चुके हैं। किसी कॉलेज में 10 प्रतिशत तो किसी में आठ प्रतिशत सीटें अभी खाली पड़ी हैं। सायंकालीन सत्र के कोर्सों में सीटें ज्यादा रिक्त हैं, जबकि प्रात:कालीन में अपेक्षाकृत कम सीटें खाली हैं।
इससे पहले भी विभाग चार बार खोल चुका है पोर्टल
उच्चतर शिक्षा विभाग इससे पहले भी चार बार पोर्टल ओपन कर चुका है। खाली सीटों को देखते हुए दाखिला प्रक्रिया बंद होने के करीब एक माह बाद फिर से पोर्टल खोला है। कॉलेजों में प्रबंधन को भी उम्मीद जगी है कि इस बार सभी सीटों पर दाखिले हो जाएंगे।
आईजी कॉलेज की प्रिंसिपल आरती गर्ग ने कहा कि विभाग ने विद्यार्थियों के लिए दाखिला पोर्टल खोला है। इच्छुक विद्यार्थी जल्द से जल्द कॉलेजों में दाखिला लें, ताकि उनके शिक्षण का कार्य भी जल्द शुरू किया जा सके। द्वितीय और तृतीय वर्ष के विद्यार्थी भी दाखिला ले सकते हैं।