संवाद न्यूज एजेंसी
राजौंद। राजकीय महाविद्यालय की साहित्यिक सभा ने दीपावली के महत्व पर भाषण और रंगोली निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया। भाषण प्रतियोगिता में पूजा और रंगोली प्रतियोगिता में शिवानी की टीम को विजय मिली।
कार्यक्रम ने छात्रों में सृजनात्मकता और विचारशीलता दोनों को प्रोत्साहित किया और दीपावली के संदेश अंधकार पर प्रकाश की विजय तथा असत्य पर सत्य की जीत को सार्थक रूप से प्रस्तुत किया।
भाषण प्रतियोगिता के निर्णायक नेहा, क्षमा और भारती थीं, जबकि रंगोली प्रतियोगिता का मूल्यांकन पारस, पूजा और निशा ने किया। भाषण प्रतियोगिता में बीए द्वितीय वर्ष की पूजा ने प्रथम स्थान, बीए तृतीय वर्ष की लवनीत ने द्वितीय स्थान और बीए तृतीय वर्ष की कोमल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
रंगोली प्रतियोगिता में शिवानी और उनके समूह ने प्रथम स्थान, स्नेहा और समूह ने द्वितीय स्थान तथा स्मृति और समूह ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्राचार्य राम मेहर सिंह ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी और कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सांस्कृतिक चेतना और नैतिक मूल्यों का विकास करते हैं।
उन्होंने कार्यक्रम में शामिल हुए सभी लोगों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दी और साथ ही अपील की कि विद्यार्थी यह पर्व स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और आपसी सद्भाव के साथ मनाएं।