हरियाणा में भाजपा के साथ सत्ता में भागीदार जजपा ने जयंती पर राजस्थान के सीकर में किसान विजय सम्मान दिवस रैली कर शक्ति प्रदर्शन किया। राजस्थान में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर जजपा ने मंच से घोषणा पत्र पेश कर चुनावी बिगुल बजाया।
हरियाणा के बाहर सियासी वजूद तलाश रही जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने राजस्थान के लोगों से आह्वान किया कि वे किसान-कमेरे वर्ग के हित में बदलाव लाने के लिए राजस्थान विधानसभा का ताला जजपा की चाबी से खुलवाने में सहयोग दें। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि देवीलाल की कर्मभूमि सीकर पर कार्यक्रम करके बदलाव की मजबूत नींव रख दी है। हरियाणा सरकार के कामों को गिना वादा किया कि राजस्थान में भी वह ऐसा करने की चाह रखते हैं।
जजपा के घोषणा पत्र के वादे
- युवाओं को विदेश में रोजगार दिलाने के लिए अलग से विभाग का गठन
- सेना की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए यूनिवर्सिटी की तर्ज पर चार बड़े ऑफिसर ट्रेनिंग केंद्रों का निर्माण
- हरियाणा की तर्ज पर निजी क्षेत्र की नौकरियों में स्थानीय युवाओं को 75 प्रतिशत आरक्षण
- हर गांव में डिजिटल लाइब्रेरी
- फसल खराब होने पर 15 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा
- राशन डिपो आवंटन में महिलाओं को 33% आरक्षण।