संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। बीडीपीओ कार्यालय में वीरवार को कलायत ब्लाक समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता ज्योति बढ़सीकरी ने की। बैठक का मुख्य एजेंडा डेढ़ करोड़ रुपये के टाइड बजट और 84 लाख रुपये के अनटाइड बजट का वितरण था। बैठक के दौरान अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पक्ष में स्पष्ट खींचतान देखने को मिली।
उपाध्यक्ष सोमवती इस बैठक में स्वयं शामिल नहीं हुईं, जबकि उनके समर्थक सदस्य उपस्थित रहे। हाजिरी रजिस्टर के अनुसार 22 में से 19 सदस्य उपस्थित थे। बैठक में बजट वितरण के मुद्दे पर अध्यक्ष पक्ष के 14 सदस्यों ने टाइड और अनटाइड बजट पर सहमति व्यक्त की और अपना पक्ष रखा। वहीं उपाध्यक्ष सोमवती के समर्थक सदस्यों ने बैठक में वोटिंग की मांग करते हुए बैठक छोड़ दी। उनका कहना था कि बजट वितरण में पक्षपात किया जा रहा है।
अध्यक्ष पक्ष में दर्शन सिंणद, रामभूल, शिवानी, पताशो देवी, कविता, पिंकी रानी, दिनेश शर्मा, प्रदीप कुमार, रीना देवी, जयभगवान, सुभाषचंद्र और राजेश कुमार शामिल थे। उपाध्यक्ष पक्ष में सोहनलाल, कुलदीप सिंह, मंजीत, सीमा, सलिंद्र और ममता मौजूद रहे।
ब्लाक समिति में 26 दिसंबर को उपाध्यक्ष सोमपति के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की कोशिश की गई थी, जो अंतिम समय में सफल नहीं हो पाई। इसके बाद से दोनों पक्षों के बीच राजनीतिक दूरियां बढ़ती जा रही हैं। इस बैठक में बजट वितरण की प्रक्रिया में भी इसी दूरियों की झलक साफ दिखाई दी।