संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। लघु सचिवालय स्थित सभागार में निकाय चुनाव को लेकर शुक्रवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी प्रीति व सामान्य पर्यवेक्षक वंदना की मौजूदगी में रेंडमाइजेशन किया गया। इस मौके पर पूंडरी, सीवन व कलायत के राजनीतिक दलों, उम्मीदवार व उनके प्रतिनिधि मौजूद रहे। रेंडमाइजेशन चुनाव आयोग के निर्देशानुसार किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी प्रीति ने बताया कि नगर पालिका पूंडरी, सीवन व कलायत में 16-16 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसके तहत सबसे पहले पूंडरी नगर पालिका के लिए ईवीएम का प्रथम रेंडमाइजेशन करवाया गया। जिसमें नगर पालिका प्रधान चुनाव पूंडरी के लिए 21 बैलेट यूनिट तथा 21 कंट्रोल यूनिट, पार्षदों के लिए 19 बैलेट यूनिट व 19 कंट्रोल यूनिट का रेंडमाइजेशन किया गया।
इसके बाद कलायत नगर पालिका प्रधान चुनाव के लिए 21 बैलेट यूनिट तथा 21 कंट्रोल यूनिट तथा पार्षद चुनाव के लिए 21 बैलेट यूनिट और 21 कंट्रोल यूनिट का रेंडमाइजेशन किया गया। सीवन नगर पालिका के प्रधान पद के चुनाव हेतू 21 बैलेट यूनिट व 21 कंट्रोल यूनिट, पार्षद पद के चुनाव के लिए 21 बैलेट यूनिट व 21 कंट्रोल यूनिट का रेंडमाइजेशन किया गया। डीसी प्रीति ने रेंडमाइजेशन के दौरान मौजूद राजनीतिक दलों, उम्मीदवार व उनके प्रतिनिधियों को आह्वान किया कि वे आदर्श आचार संहिता का पालन करें।
उन्होंने कहा कि चुनाव की हिदायतों के बारे में यदि कोई जानकारी हासिल करनी है तो वह संबंधित रिटर्निंग अधिकारी से मिलकर प्राप्त कर सकते हैं। ईवीएम मशीनों के रेंडमाइजेशन व चुनाव की अन्य प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवार व उनके प्रतिनिधि भाग लें, ताकि पारदर्शी व निष्पक्ष चुनाव करवाया जा सके। इस मौके पर कैथल एसडीएम एवं पूंडरी आरओ अजय सिंह, गुहला एसडीएम एवं सीवन आरओ कैप्टन प्रमेश सिंह, कलायत एसडीएम मौजूद रहे।
कलायत एसडीएम ने किया बूथों का दौरा
कलायत। आगामी दो मार्च को होने वाले निकाय चुनाव को लेकर एसडीएम अजय हुड्डा ने कलायत नगर पालिका के बूथों को निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कहा कि इन सभी मतदान केंद्रों पर चुनाव आयोग की हिदायत अनुसार बिजली, पानी, रैंप, व्हील चेयर व अन्य जरूरी सुविधाएं मुहैया करवाई जाए। किसी भी मतदाता को कोई परेशानी नहीं आनी दी जाए। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान दिव्यांग वोटरों को विशेष रूप से व्हीलचेयर व रैंप भी सुविधाजनक होने चाहिए।
उन्होंने बताया कि कलायत में 16 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। बूथ नंबर एक बाल विकास स्कूल, बूथ नंबर दो अंबेडकर भवन, बूथ नंबर तीन राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बूथ नंबर चार खट्टर मुहल्ला स्थित एसडी स्कूल, बूथ नंबर पांच व छह मेन बाजार स्थित राजकीय प्राथमिक स्कूल, बूथ नंबर सात बाजार के नजदीक जगदेव चौपाल, बूथ नंबर आठ कपिल मुनि रोड पर स्थित विश्वकर्मा चौपाल, बूथ नंबर नौ कपिल मुनि रोड भट्ट चौपाल, बूथ नंबर दस कपिल मुनि रोड बैरागी चौपाल, बूथ नंबर 11 रेलवे रोड प्राइमरी स्कूल, बूथ नंबर 12 गोगा माड़ी के पास प्राइमरी स्कूल, बूथ नंबर 13 मटौर रोड राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बूथ नंबर 14 पुलिस स्टेशन के पास शिक्षा भारती स्कूल, बूथ नंबर 15 अनाज मंडी के पीछे निर्मल पब्लिक स्कूल व बूथ नंबर 16 अनाज मंडी स्थित अग्रवाल धर्मशाला में बनाया गया है। संवाद