पार्षद प्रतिनिधि के घर रेड के दौरान दुर्व्यवहार सहित अन्य आरोपों पर सस्पेंड किए गए सीआईए-2 प्रभारी विमल कुमार की बहाली की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने आप नेता विकास तंवर के नेतृत्व में पिहोवा चौक को एक घंटे तक जाम किए रखा। प्रदर्शनकारी एसपी के पहुंचने पर ही जाम खोलने पर राजी हुए। इस दौरान शहर के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
आप के कार्यकर्ता जवाहर पार्क में एकत्रित हुए जिसके बाद वे एसपी व डीसी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पिहोवा चौक पर जाम लगा दिया। कार्यकर्ताओं ने चौक के चारों ओर से बंद कर दिया। कार्यकर्ताओं का नेतृत्व कर रहे विकास तंवर ने कहा कि भाजपा नेता पुलिस कार्रवाई में हस्तक्षेप कर रहे हैं। आप नेता ने कहा कि भारतभूषण जोकि विमल कुमार के खिलाफ शिकायतकर्ता हैं, उनका खुद का रिकार्ड जुआ के अपराधों से भरा पड़ा है। उनके व उनके भाई के खिलाफ काफी एफआईआर दर्ज हैं। ऐसी छवि के व्यक्ति की शिकायत पर एक ईमानदार व जांबाज आफिसर को सस्पेंड करना कहां की नैतिकता है। तंवर ने कहा कि सरकार को यह समझना चाहिए कि लोकतंत्र में जनता ही ताकतवर है और मालिक है। अपराधियों के साथ साठ-गांठ करके शहर की शांति के साथ खिलवाड़ सरकार को व उच्च अफसरशाही को महंगा पड़ सकता है। यह प्रदर्शन पुलिस कप्तान द्वारा एक कर्मठ एवं ईमानदार पुलिस इंस्पेक्टर को सस्पेंड करने के विरोध में किया गया है। उन्हें राजनैतिक षड्यंत्र के तहत गिरफ्तार किया गया है। जिससे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं में गहरा रोष व्याप्त है।
इस मौके पर रोहताश तंवर, बिरमपाल तंवर, श्याम लाल तंवर, प्रदीप तंवर, विनोद, विक्की कैथल, सुरेश बेगपुर, वकील बरोट, नरेश, रघुवीर हाबड़ी, अरविंद माजरा, राजकुमार, जयपाल शर्मा, राजबीर, प्रदीप सिंगला, सतीश सिंगला, जगजीत, सोनू कंबोज, अरुण, सौरभ, पवन फौजी सहित अन्य आप कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
साढ़े ग्यारह बजे शुरू हुए प्रदर्शन के 40 मिनट बाद एसपी सुमेर प्रताप ज्ञापन लेने के लिए पहुंचे। करीब 20 मिनट एसपी व विपक्षी पार्टियों के साथ चली वार्ता के बाद विपक्ष पार्टियों के कार्यकर्ताओं ने निष्पक्ष जांच के आश्वासन के बाद जाम खोला।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं नेे भी किया प्रदर्शन
विमल कुमार के समर्थन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में सैकड़ों कांग्रेस नेता मौजूद रहे। कांग्रेस के प्रदेश कमेटी के सदस्य सुरजीत बैनीवाल ने कहा कि सीआईए टू के इंचार्ज ने जब से कैथल में सीआईए-2 पुलिस की कमान संभाली तभी से बदमाशों के जनता को तंग करने वाले कारनामों पर अंकुश लगा है। लेकिन एक काबिल पुलिस अधिकारी को ही निष्काषित कर दिया है। इस मौके पर युवा जिलाध्यक्ष प्रवीन नैन, जरनैल मालखेड़ी, संदीप सांघन, बालकृष्ण, रामदिया, ओमप्रकाश, काला गुज्जर सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इनेलो कार्यकर्ता उतरे समर्थन में
वहीं इनेलो कार्यकर्ताओं ने भी इनेलो के युवा जिलाध्यक्ष बलराज नौच के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सीआईए इंचार्ज ने केवल सट्टेबाज को रोकने के लिए रेड मारी थी। वह रेड भी एसपी की परमिशन से मारी थी। लेकिन आरोपी के भाजपा समर्थित होने के कारण सीआईए इंचार्ज को निलंबित किया गया है। इस मौके पर पार्टी के युवा जिलाध्यक्ष बलराज नौच, इनसो नेता राजू ढुल, संपूर्ण कोयल, सुनील नरड़, सुमित पाई, राजेश, दीपा, धर्मेंद्र, राजेश ढुल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।