रथ यात्रा के दौरान संबोधित करते पार्टी सुप्रीमो राजकुमार सैनी।
- फोटो : Kaithal
पूर्व सांसद एवं लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी सुप्रीमो राजकुमार सैनी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की जाति एक ही है और अगर यह बात गलत साबित हुई तो वे राजनीति से सन्यास ले लेंगे। वे शनिवार देर शाम को पूंडरी लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी द्वारा निकाली जा रही रथ यात्रा में लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एक जाति विशेष के प्रदेश में पांच मुख्यमंत्री रहे और उन्होंने इस दौरान जाति विशेष के लोगों को ही रोजगार देकर पिछड़े वर्ग के लोगों के हकों पर ढाका डालने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. भजन लाल जो कि खुद को बिश्नोई कहते थे, जबकि बिश्नोई जाति नहीं बल्कि एक पंथ है। जिसमें कई जातियों के लोग आते हैं। उन्होंने कहा कि वे किसी जाति विशेष के विरोधी नहीं है लेकिन जब एक बिरादरी नौकरियों में 55 प्रतिशत हिस्सा लेकर भी आरक्षण की मांग करने लगी तो उन्होंने इस मुद्दे को उठाया था। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे इस बार उनकी पार्टी को वोट देें। यदि उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो हर घर में एक रोजगार दिया जाएगा व बेरोजगारों को उचित भत्ता दिया जाएगा। मनरेगा के तहत मजदूरों को 300 दिन काम व बुढ़ापा पेंशन 5 हजार रुपये प्रतिमाह। अपने संबोधन के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी प्रदेश की सभी 90 विधानसभा सीटों पर अपने दम पर ही चुनाव लड़ेगी। इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता विवेक कौशिक, शिबू बरसाना, सतीश रोड बुच्ची, शक्ति चौहान, पिरथी सैनी, जितेंद्र हाबड़ी, श्याम लाल मांडी जिलाध्यक्ष कैथल, रामपाल गुर्जर ढांड प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, डा. बलबीर हलकाध्यक्ष व सुभाष सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।