कैथल। गांव देवबन कैंची चौक पर मिले करीब डेढ़ किलो विस्फोटक को लेकर क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा। यदि यह विस्फोट हो जाता तो बडे़ इलाके में तबाही मच जाती। सूत्रों के अनुसार इसे पूरी तरह से तैयार करके एक देसी बम का रूप दिया गया था। इसमें एक स्विच भी लगाया गया था। जिस जगह पर यह रखा गया था, वहां से तीन राज्य राजमार्ग निकलते हैं। इनमें पानीपत व जींद की ओर से आने वाले राज्य राजमार्ग इस प्वांइट पर आकर एक हो जाते हैं और आगे कैथल तक एक सड़क आती है।
तीनों ही मार्गों पर दिन भर हजारों की संख्या में वाहनों की आवाजाही रहती है। साथ ही गांव देबवन कैंची चौक की इस जगह से दिनभर गांववासियों का खेतों की ओर आना-जाना लगा रहता है। पुलिस अधिकारियों से जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार इस भारी एवं अत्यधिक खतरनाक विस्फोटक सामग्री में एक किलो 152 ग्राम आरडीएक्स, मैकेनिज्म, डेटोनेटर, एक नौ एम की बैटरी सहित मैगनेट लगा आयरन बॉक्स बरामद हुआ है।
विस्फोटक सामग्री को कैथल की ओर से जींद, भिवानी व आगे रोहतक जाने वाले मार्ग की सूचना देने वाले बोर्ड पोल की बिल्कुल जड़ में झाड़ियों में छुपा कर रखा गया था। पुलिस सूत्रों ने तो यहां तक बताया कि इस आईईडी में सैकड़ों की संख्या में छोटी लोहे की गोलियां भी बरामद हुई हैं।
कब और किसने रखा यह जांच का विषय
इस विस्फोटक सामग्री को कब और किसने यहां रखा है, यह जानकारी जांच का विषय है। तमाम पुलिस अधिकारी इससे ज्यादा जानकारी नहीं दे पा रहे हैं कि यह सामग्री यहां कब और किसने रखी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अंबाला एसटीएफ ने भी अभी तक महज यह जानकारी दी है कि उनके पास किसी जांच एजेंसी से इनपुट आया था कि कैथल में एक जगह पर आईईडी रखा गया है। यह सूचना सटीक पाई गई।
एसपी मकसूद अहमद ने सामग्री के कब और किसके द्वारा रखे जाने के सवाल पर कहा कि अभी अंबाला एसटीएफ ने इनपुट के आधार पर इसे बरामद किया है। अभी यह जांच का विषय है कि इस विस्फोटक सामग्री को कब और किसने यहां रखा है। किसी आतंकी संगठन या किसी अन्य बदमाश द्वारा रखे जाने के सवाल पर एसपी ने कहा कि अभी इस बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। उन्होंने इतना जरूर स्वीकार किया कि डेढ़ किलो से अधिक इस विस्फोटक सामग्री में 1.152 ग्राम आरडीएक्स सहित अन्य खतरनाक सामग्री मिलाकर रखी गई है। जो लगभग एक किलोमीटर के एरिया में असर करती।
कहीं बड़ी आतंकी साजिश तो नहीं थी
सितंबर माह की शुरुआत में कैथल में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा की लोकसभा क्षेत्र की रैली थी। इस तरह से कयास लगाए जा रहे हैं कि कहीं किसी बड़ी आतंकी घटना की साजिश तो नहीं थी। फिलहाल पुलिस अधिकारी इन सवालों का जवाब देने की बजाय जांच किए जाने की बात कह रहे हैं। लेकिन कहीं न कहीं कयास लगाए जा रहे हैं कि किसी बड़ी आतंकी घटना को अंजाम देेने के लिए यह विस्फोटक सामग्री कैथल में पहुंचाई गई है।
इसके अलावा कैथल में पुलिस थाने से करीब चार किलोमीटर की दूरी पर राज्य राजमार्ग पर इतनी बड़ी मात्रा मेें विस्फोटक सामग्री बरामद होना पुलिस सहित जिले के खुफिया तंत्र की बड़ी विफलता भी मानी जा रही है। हो सकता है यह सामग्री कई सप्ताह व कई माह से यहां पड़ी हो या फिर इसे हाल में रखा गया है। यह तो जांच का विषय है। लेकिन इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री का जिलास्तर पर खुफिया तंत्र व पुलिस तंत्र को जानकारी न मिलना बड़ी विफलता कहा जा रहा है।