संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में आयोजित सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आया। परीक्षा के दोनों दिनों में कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ पुलिस ने जरूरतमंद परीक्षार्थियों की मदद कर मानवीयता का भी परिचय दिया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, भीड़भाड़ वाले परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी गई और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई। इस दौरान डायल 112 और अन्य पुलिस वाहनों की मदद से कई परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाया गया।
एक मामले में डायल 112 को सूचना मिली कि एक युवक कैथल के राजकीय स्कूल में परीक्षा देने जा रहा है लेकिन देर हो चुकी है। यातायात थाना प्रबंधक इंस्पेक्टर नरेश कुमार की तत्परता से युवक को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया गया।
इसी दौरान एक अन्य युवती, जिसे अंबेडकर कॉलेज में परीक्षा देनी थी, उसे भी एसएचओ की सहायता से सुरक्षित और समय पर कॉलेज पहुंचा दिया गया।
पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने न केवल सुरक्षा व्यवस्था को संभाला, बल्कि मानवीय संवेदना दिखाते हुए परीक्षार्थियों की मदद की।