कैथल। हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस की टीम ने आरोपी गांव जखौली निवासी संजू को काबू कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता प्रवीन ने बताया कि गांव पाडला निवासी कुलदीप सिंह कि शिकायत के अनुसार आरोपी संजू ने स्वयं को हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग में चालक के पद पर कार्यरत बताते हुए उसकी और उसके भाई संजीव की नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। संजू ने कहा कि उसकी उच्च अधिकारियों तक पहुंच है और वह दोनों भाइयों को सरकारी विभाग में नौकरी दिलवा देगा। इसके लिए उनकी 4 लाख रुपये में बात हो गई। संजू ने नौकरी लगवाने के नाम पर पहले नकद राशि और बाद में अलग-अलग किस्तों में अपने गूगल-पे नंबर पर कुल 2,13,659 ट्रांसफर करवा लिए। काफी समय बीत जाने के बावजूद जब नौकरी नहीं लगी तो आरोपी लगातार बहाने बनाता रहा। बाद में संजू ने उसको को एक ज्वाइनिंग लेटर भी दिया जिसकी जांच कराने पर वह फर्जी पाया गया। उसने जब अपने रुपये वापस मांगे तो संजू और उसके परिजनों ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। इसमें बाद में पता चला कि संजू पर अन्य लोगों से भी हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत नौकरी दिलाने के नाम पर रुपये लेने के आरोप हैं। इस बारे में थाना तितरम में प्राथमिकी दर्ज की गई। व्यापक पूछताछ के लिए आरोपी का न्यायालय से पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा।