संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। महिला पुलिस की टीम ने गांव कांगथली के स्कूल व आरकेएसडी कॉलेज में विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट, महिला विरुद्ध अपराध व ट्रिप मॉनिटरिंग सिस्टम के बारे में जानकारी दी।
एसएचओ महिला थाना रेखा ने कांगथली स्कूल में व दुर्गा शक्ति इंचार्ज एचसी सुमन ने आरकेएसडी कालेज में विद्यार्थियों को जागरूक किया। प्रवक्ता ने बताया कि इस दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को बताया कि महिलाओं के अधिकारों की सुरक्षा के लिए कौन-कौन से कानून बनाए गए हैं। इंस्पेक्टर राजेश लता ने छात्राओं से कहा कि महिलाओं के हितों के लिए कानून बनाने का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को बढ़ावा देना है।
विद्यार्थियों को बताया कि डायल 112 केवल आपातकालीन सहायता के लिए है, आप पुलिस, एंबुलेंस और आगजनी जैसी विभिन्न आपात स्थितियों में सहायता प्राप्त करने के लिए 112 नंबर डायल कर सकते हैं। डायल 112 एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त व याद रखने में आसान आपातकालीन नंबर है। जब आपका जीवन तत्काल खतरे में हो या घायल हो और उसे तुरंत चिकित्सा सहायता की आवश्यकता हो। आपने कोई गंभीर अपराध देखा हो जैसे हमला, हत्या, डकैती, स्नैचिंग और लूट आदि तो आप तभी डायल 112 पर कॉल कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। पुलिस को सूचना दे सकते हैं। इसके साथ ही महिला हेल्पलाइन नंबर 1091 के बारे में बताया।