गुहला-चीका, सीवन। नशा मुक्त हरियाणा मुहिम के तहत पुलिस की जागरूकता टीमों ने गुहला व सीवन क्षेत्र में लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया। इसके तहत मंगलवार को सीवन, कांगथली, पाबसर, गुहला में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में पीएसआई रामलाल, एएसआई ओमप्रकाश व होमगार्ड शमशेर सिंह की टीम ने जागरूक किया। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी दी कि नशा समाज के लिए अभिशाप बन चुका है और अब नशा लाखों परिवार बर्बाद कर चुका है। इस कारण हर साल हजारों नवयुवक नशे की दलदल में फंसकर अपनी जान गंवा बैठे है। युवा देश की नींव है और हमारा युवा को नशा पकड़े हुए है, जो देश के भविष्य के लिए बहुत बड़ा खतरा है। नशा देश की नींव को कमजोर कर रहा है। ऐसे में हमें हर हाल में नशे की लत को छोड़ना होगा। विद्यार्थियों को पढ़ाई व खेल के क्षेत्र में कड़ी मेहनत करके राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। नशा मुक्त हरियाणा मुहिम केवल पुलिस से सफल नहीं हो सकती, बल्कि इसमें आमजन के सहयोग की जरूरत है। आमजन बिना किसी डर भय के नशीले पदार्थों की तस्करी करने वालों की सूचना बेखौफ होकर पुलिस को दे, सूचना देने वाले का नाम पूर्णतया गोपनीय रखा जाएगा।