कैथल। नशा तस्करों को पकड़ने के लिए रविवार सुबह कलायत, राजौंद, सीवन, पूंडरी, थाना सदर व शहर क्षेत्र अंतर्गत संदिग्ध नशा तस्करों ठिकानों पर पुलिस ने सर्च अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध नशा तस्करों के घरों की जांच सहित अन्य जगह की छानबीन की। एसपी उपासना ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करना व अपराधियों व नशा तस्करों में भय उत्पन्न करना है। इस अभियान में मुख्य रूप से नशे का कारोबार करने वालों पर शिकंजा कसना है, जिला पुलिस का उद्देश्य कैथल जिला को नशा मुक्त बनाना है। जिला पुलिस द्वारा वर्ष 2026 दौरान अब तक 21 मामलो में 30 नशा तस्करों को पकड़ा जा चुका है, इसके साथ साथ पुलिस द्वारा सर्च ऑपरेशन के अलावा वहां मौजूद आमजन को समझाया गया कि किसी प्रकार के मादक पदार्थ बेचने वाले या अन्य किसी अपराधी के बारे में पुलिस को सूचित करें, सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा, इसके साथ साथ नशा न करनेे के बारे भी जागरूक किया गया। पुलिस का यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा। एसपी ने कहा की नशा बेचकर अर्जित की गई संपत्ति की भी जांच पड़ताल की जा रही है, नशा बेचकर कमाई गई अवैध संपत्ति को अटैच करवाया जाएगा। आमजन बेझिझक नशा तस्करों की सूचना पुलिस को दें, नशा तस्करों की असली जगह जेल है।