साप्ताहिक लॉकडाउन का सोमवार को पहला दिन था। जिस कारण कौन से प्रतिष्ठान बंद रखने हैं और कौन से खोले जाने हैं, दोपहर तक जिला प्रशासन की ओर से निर्देश जारी नहीं किए गए थे। इसी के चलते सुबह के समय शहर में अशोका सिनेमा रोड पर अधिकतर परचून की दुकानें खुलीं हुई थीं। वहीं सब्जी मंडी के बाहर भी भारी संख्या में लोगों व वाहनों का जमावड़ा दिखाई दिया। भीड़ को खदेेड़ने के लिए पुलिस टीमें पहुंची और लोगों को समझाबुझाकर घर भेजा।
शनिवार सायं छह बजे से सोमवार की सुबह पांच बजे तक जिले में जनता कर्फ्यू था। वहीं प्रदेश सरकार ने सप्ताह के लिए लॉकडाउन का ऐलान कर दिया। सोमवार की सुबह से लॉकडाउन शुरू हो गया। इसके बावजूद भगत सिंह चौक, पुराना अशोका सिनेमा रोड पर परचून की दुकानें खुली हुई नजर आईं। साथ ही पार्कों में भी लोग घूमते नजर आए। आसपास की गलियों में व बाजारों में भी परचून की दुकानें खुलीं दिखीं। सूचना मिलने पर पुलिस की टीमें भगत सिंह चौक व सब्जी मंडी के बाहर पहुंची। जहां दुकानों को बंद करवाया और नियमों की जानकारी दी। दोपहर बाद तक जिला प्रशासन की ओर से निर्देश जारी किए गए कि क्या खुला रखा जाएगा और क्या नहीं। शहर के मुख्य बाजार सुबह से ही बंद रहे और खाद बीज, दवाओं की दुकानें ही खुलीं दिखीं। पुलिस ने पार्कों में से भी सुबह के समय लोगों को समझाबुझाकर घर भेजा।
हरियाणा सरकार के आदेशानुसार 3 मई से एक सप्ताह तक लॉकडाउन लगाने की घोषणा की गई है। इस अवधि के दौरान हम सभी को अत्याधिक सावधानी बरतनी होगी, ताकि वैश्विक महामारी कोरोना को हराया जा सके। एसपी लोकेंद्र सिंह ने कहा कि लॉकडाउन में अनावश्यक रुप से बाहर घूमने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस कर्मचारियों व अधिकारियों को सावधान रहते हुए लॉकडाउन का पालन करवाने के निर्देश जारी किए गए हैं।