हरियाणा से पंजाब में शराब तस्करी करने वाले गिरोह से बुधवार को पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पीछा करने के दौरान आरोपियों ने दो बार पुलिस की गाड़ी में टक्कर मारी, जिसमें एक सिपाही घायल हो गया। वहीं पुलिस ने आरोपियों की गाड़ी रुकवाने के लिए छह राउंड फायरिंग भी की। भागने के दौरान आरोपियों की गाड़ी एक तंग गली में फंस गई, जिसके बाद सभी आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गये। पुलिस के अनुसार आरोपी हरियाणा से पंजाब में शराब की तस्करी करने वाले गिरोह से जुड़े हैं, जिनकी पहचान की जा चुकी है।
सीआईए-1 प्रभारी इंस्पेक्टर अनूप सिंह ने बताया कि एसआई कश्मीर सिंह और एचसी तरसेम की टीम गांव पाडला बस अड्डा पर थी। तभी पुलिस को सूचना मिली कि गांव सिणंद का शराब का ठेकेदार बिंद्र मिर्जपुर जिला हिसार व जरनैल उर्फ गौरा दिडबा पंजाब देशी शराब की तस्करी कर रहे हैं। जरनैल गांव सिणंद के शराब ठेका से शराब लेकर खनौरी के रास्ता पंजाब जाएगा। पुलिस ने हरिपुरा के सिणंद रोड पर नाका लगाकर गाड़ी को रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन चालक नाका तोड़कर सांघन की तरफ भागा। पुलिस की टीम ने जब पीछा किया तो तस्कर सांघन गांव में घुस गए। इस दौरान गांव नंदसिंह वाला से पहले आरोपियों ने अपनी गाड़ी से पुलिस की गाड़ी पर टक्कर मार दी। इसमें सिपाही मनीष कुमार घायल हो गया। पुलिस ने गाड़ी को रुकवाने के लिए 6 राउंड फायर भी किए। आरोपी गांव पाडला के पास से कट मारकर छौत के शराब ठेका के पास गाड़ी ले गया, जहां आरोपी चालक ने फिर से पुलिस की गाड़ी में सीधी टक्कर मारी। गनीमत रही गाड़ी में बैठे पुलिस कर्मचारी बाल-बाल बच गये। इसके बाद आरोपी गांव कुतुबपुर होते हुए शक्ति नगर की एक तंग गली में घुस गए, जहां रास्ता न होने की वजह से गाड़ी को छोड़कर भाग गए। गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें कुल 70 पेटी देशी शराब की बरामद हुई।