कैथल। शहर के ऋषि नगर स्थित एक अस्पताल से एमटीपी किट बरामद होने के मामले में पुलिस ने अस्पताल की महिला कर्मी कविता को गिरफ्तार किया है। उसके बैग से किट भी बरामद हुई। महिला को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
शुरुआती जांच में पता चला है कि महिला ने यह किट अस्पताल के ही मेडिकल स्टोर से खरीदी थी। पुलिस ने इस मामले में और लोगों के शामिल होने की आशंका जताई है। मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
औषधि नियंत्रण विभाग और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो हरियाणा की टीम ने अस्पताल में छापा मारकर कर मौके से एमटीपी किट बरामद की है। इसके साथ ही मौके पर कुछ गर्भनिरोधक दवाइयां भी मिली हैं। टीम ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की। इस दौरान बरामद की गई दवाइयों को सील कर आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया।
अवैध तरीके से गर्भपात की सूचना पर पहुंची थी टीम : इस मामले में सिविल लाइन थाना में दी गई शिकायत में डॉ. गौरव पुनिया, ड्रग विभाग के जिला अधिकारी डाॅ. चेतन वर्मा ने बताया था कि उन्हें करनाल की टीम से सूचना मिली थी कि ऋषि नगर स्थित ओम अस्पताल में अवैध तरीके से गर्भपात करवाया जाता है।
सूचना पाकर ड्रग कंट्रोल, स्वास्थ्य विभाग की टीम पुलिस के साथ मौके पर पहुंची। जांच की तो पाया गया कि वहां पर नौ एमटीपी किट प्रयोग की जा चुकी थी, जबकि चार बिना उपयोग की हुई किट बरामद की गई। अस्पताल संचालक ऋचा शर्मा के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
ड्रग कंट्रोल विभाग के अधिकारी चेतन वर्मा ने बताया कि बताया कि अस्पताल में डॉक्टर अपने घर से ही दवाइयां मंगवाती थीं और उनका प्रयोग गर्भपात में करवा रहीं थीं। इसके अलावा डॉक्टर अपने घर पर ले जाकर भी महिलाओं का गर्भपात भी करवा रहीं थीं। एमटीपी किट के खाली पैकेट महिला डॉक्टर के घर से ही बरामद किए गए हैं। जो किट फिलहाल प्रयोग नहीं की गई थी वे अस्पताल से बरामद की गई।
सिविल लाइन थाना प्रभारी शिव कुमार ने बताया कि इस संबंध में सिविल लाइन थाना में केस दर्ज कर महिला वर्कर कविता को गिरफ्तार कर लिया गया है।