कैथल।अपराध नियंत्रण के दृष्टिगत पुलिस ने ऑपरेशन आक्रमण चलाया, जिसके तहत कैथल पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे 21 आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस पीआरओ ने बताया कि ऑपरेशन आक्रमण के तहत 25 टीमों का गठन किया गया। इसमें 87 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न जगहों पर दबिश देकर अलग-अलग शीर्षक के 11 मामले दर्ज किए गए।
शराब तस्करी के छह मामलों में छह आरोपी काबू करके 41 बोतल देसी व 20 बोतल हथकढ़ी शराब व 435 लीटर लाहण बरामद किया। इस अभियान के तहत पुलिस ने एक उद्घोषित आरोपी को भी काबू किया। प्रवक्ता ने बताया कि सट्टा खाईवाली के तीन मामलों में तीन आरोपियों को काबू करके 6610 रुपये सट्टा राशि बरामद की गई। इसके अतिरिक्त एक नशा तस्कर को काबू करके उसके कब्जे से 7.30 ग्राम चिट्टा बरामद किया। इसी दौरान एक बाइक चोर को काबू करके चोरीशुदा बाइक भी बरामद की गई। एक देशी कट्टे व दो कारतूस सहित एक आरोपी को भी काबू किया।