संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। वर्ष 2025 के दौरान पुलिस ने कुल 926 मामलों में 1454 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शराब और मादक पदार्थ तस्करी, चोरी, लूट, सेंधमारी, हत्या, अवैध असलहा रखने और जुआ अधिनियम आदि के तहत इन्हें पकड़ा। एसपी उपासना ने बताया कि इस दौरान 162 बेल जंपर, 72 पी.ओ. और 8 मोस्ट वांटेड अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया। साथ ही वाहन चोरी, ट्रांसफार्मर चोरी और सेंधमारी के 23 गैंगों का पर्दाफाश किया गया, जिनमें 65 आरोपियों को काबू कर 155 केस सुलझाए गए और 50,32,900 रुपये की जन संपत्ति बरामद की गई।
संपत्ति, जुआ और अवैध असला-तस्करी पर विशेष मुहिम : पुलिस ने संपत्ति विरुद्ध 420 मामलों में 810 आरोपियों को काबू किया और 3,29,48,000 रुपये की चोरीशुदा संपत्ति बरामद की। जुआ/सट्टा अधिनियम के तहत 55 मामलों में 106 आरोपियों को पकड़ा गया और 7,04,000 रुपये जब्त किए गए। अवैध असला रखने वाले अपराधियों के खिलाफ 42 मामलों में 65 आरोपियों को गिरफ्तार कर 50 पिस्तौल और 76 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
नशा तस्करों पर कड़ा शिकंजा : मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए गए अभियानों में 112 मामले दर्ज करके 198 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 14.505 किलो अफीम, 10.976 किलो चरस, 101.430 किलो चूरा पोस्त, 11.45 ग्राम स्मैक, 268.90 ग्राम हेरोइन, 76.664 किलो गांजा, 1622 किलो डोडोपोस्त, 3.935 किलो अफीम फसल, 305 इंजेक्शन और 66,000 नशीली गोलियां बरामद की गई। आबकारी अधिनियम के तहत 383 मामलों में 390 आरोपी पकड़े गए। हत्या और साइबर अपराधों में भी प्रभावी कार्रवाई
2025 में दर्ज 26 हत्या मामलों में 83 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। थाना साइबर क्राइम कैथल में साइबर फ्रॉड के मामलों में 3.33 करोड़ रुपये की राशि रिफंड करवाई गई, जबकि 60 साइबर ठगी के आरोपियों को काबू कर 1,33,620 रुपये बरामद किए गए।